गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026: अम्बेडकरनगर में 9 केंद्रों पर 2,891 मतदाता करेंगे मतदान, पोलिंग पार्टियां रवाना
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए अम्बेडकरनगर में 9 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। डीएम ईशा प्रिया की मौजूदगी में पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया, जहां 2,891 मतदाता वोट डालेंगे
अम्बेडकरनगर: गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को पूरी तरह सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी कड़ी में आज जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) व उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योत्स्ना बंधु की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट परिसर से मतदान पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए पूरी सुरक्षा और सतर्कता के साथ रवाना किया गया।
पोलिंग पार्टियों की रवानगी से पहले कलेक्ट्रेट सभागार में एक विशेष ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी मतदान कार्मिकों को निर्देशित करते हुए कहा कि पूरी निर्वाचन प्रक्रिया को उच्च स्तर की सतर्कता और पूरी निष्पक्षता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने सभी कार्मिकों को समयबद्धता का कड़ाई से पालन करने और आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिम्मेदारी निभाने की हिदायत दी। ब्रीफिंग के तुरंत बाद सभी मतदान दलों को मतपेटियों, मतपत्रों और अन्य आवश्यक मतदान सामग्रियों का वितरण किया गया, जिसके बाद वे अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, जनपद अम्बेडकरनगर में इस शिक्षक निर्वाचन के लिए कुल 09 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 2,891 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान का समय सुबह 8:00 बजे से दोपहर 4:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सविता सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेश चंद्र द्विवेदी सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी और निर्वाचन कार्मिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)