शिक्षक ने शादी का झांसा देकर किया शोषण, अब 51 लाख की मांग; हथिगवां पुलिस पर सुस्ती के आरोप
हथिगवां में शिक्षक पर शादी का झांसा देकर शोषण और 51 लाख दहेज मांगने का आरोप; पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप
(एडवोकेट अजय पंडा / ब्यूरो)
कुंडा/प्रतापगढ़। जनपद के हथिगवां थाना क्षेत्र से मानवता और रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। एक प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षक पर शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने और बाद में भारी-भरकम दहेज की मांग करने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू पुलिस की कार्यशैली है, जहाँ एक महीना बीत जाने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है।
पीड़िता की मां के अनुसार, साल 2024 में उनकी बेटी का रिश्ता उक्त शिक्षक के साथ तय हुआ था। शादी तय होने के बाद आरोपी ने युवती का विश्वास जीता और उसे बाहर ले जाने लगा। आरोप है कि शादी का वादा कर उसने युवती के साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, आरोपी ने घर बनवाने के बहाने पीड़ित परिवार से करीब 16 लाख रुपये भी ऐंठ लिए।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे अपने रिश्तेदारों के घर ले गया, जहाँ उसके साथ गलत काम किया गया। सामाजिक लोक-लाज के भय से पीड़िता खामोश रही, लेकिन हद तब हो गई जब आरोपी और उसके परिजनों ने शादी के बदले 51 लाख रुपये नगद और एक लग्जरी कार की डिमांड रख दी। मांग पूरी न होने पर अब शादी से इनकार किया जा रहा है और युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
पीड़िता पक्ष का आरोप है कि एक महीने पहले हथिगवां थाने में तहरीर दी गई और एसपी प्रतापगढ़ से भी गुहार लगाई गई, लेकिन नतीजा सिफर रहा।
- समझौते का दबाव: आरोप है कि थाने में तैनात एक महिला दरोगा मामले में कानूनी कार्रवाई करने के बजाय पीड़िता पर समझौते का दबाव बना रही हैं।
- धमकियां: पीड़िता की मां का कहना है कि आरोपी पक्ष लगातार उन्हें धमका रहा है और पुलिस मौन साधे बैठी है।
शिक्षक जैसे गरिमामयी पद पर आसीन व्यक्ति द्वारा किए गए इस कृत्य से क्षेत्र में आक्रोश है। पीड़ित परिवार ने उच्चाधिकारियों से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर एफआईआर दर्ज की जाए और दोषियों को जेल भेजा जाए। अब देखना यह है कि प्रशासन इस 'शिक्षित' आरोपी पर कब तक शिकंजा कसता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0