लखनऊ खंड स्नातक एमएलसी चुनाव: आज 7 जिलों में मतदान, भाजपा, सपा और विजय बंधु के बीच कड़ा त्रिकोणीय मुकाबला

लखनऊ खंड स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए आज 7 जनपदों में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हो रहा है। भाजपा, सपा और पुरानी पेंशन के नायक विजय बंधु के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है

Oct 22, 2026 - 20:52
0 2
लखनऊ खंड स्नातक एमएलसी चुनाव: आज 7 जिलों में मतदान, भाजपा, सपा और विजय बंधु के बीच कड़ा त्रिकोणीय मुकाबला

लखनऊ / प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में खासे चर्चा का केंद्र बने लखनऊ खंड स्नातक एमएलसी निर्वाचन क्षेत्र के लिए आज 23 अक्टूबर को सात अलग-अलग जनपदों में कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस चुनाव के मैदान में कुल 16 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, लेकिन मुख्य और कड़ा मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी व मौजूदा एमएलसी अवनीश सिंह, समाजवादी पार्टी (सपा) की प्रत्याशी व सांसद की पत्नी कांति सिंह और पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन के राष्ट्रीय नायक विजय कुमार बंधु के बीच त्रिकोणीय रूप ले चुका है।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, भाजपा और सपा दोनों ही प्रमुख दलों के प्रत्याशी के पक्ष में उनकी पार्टियां और संगठन पूरी ताकत के साथ मैदान में डटे हुए हैं। उनके पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार संपर्क साध रहे हैं। इसके विपरीत, निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उतरे विजय कुमार बंधु के चुनाव प्रचार की कमान मुख्य रूप से प्राथमिक शिक्षकों और कर्मचारियों ने अपने हाथों में ले रखी है। राजनीतिक दलों के कई समर्थक हर बार मतदाता सूची का हिस्सा नहीं होते, लेकिन विजय बंधु के समर्थक शत-प्रतिशत मतदाता हैं।

चूँकि वर्ष 2004 के बाद से सरकारी सेवाओं में पुरानी पेंशन पर रोक लगा दी गई थी, तब से विजय कुमार बंधु उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में कर्मचारियों और शिक्षकों की पुरानी पेंशन बहाली के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। यही कारण है कि इस चुनाव में सरकारी कर्मचारी और शिक्षक खुलकर अपने नेता के समर्थन में जी-जान से जुटे नजर आ रहे हैं, क्योंकि उन्हें विजय बंधु की जीत में अपना भविष्य सुरक्षित नजर आ रहा है।

आज इन सातों जनपदों के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सभी प्रत्याशियों के भाग्य को मतपेटियों में बंद कर देंगे। ऊंट किस करवट बैठेगा और जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा, इसका फैसला तो चुनाव परिणामों के आने के बाद ही स्पष्ट होगा, लेकिन चुनावी मैदान में जिस तरह का कड़ा संघर्ष देखने को मिल रहा है, उससे मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User