कौशाम्बी: प्रेम विवाह के 10 साल बाद उठाया खौफनाक कदम , महिला ने फांसी लगाकर दी जान
कौशाम्बी के बघेलापुर में महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या। प्रेम विवाह के 10 साल बाद हुई घटना से गांव में हड़कंप
कौशाम्बी | कोखराज थाना क्षेत्र के बघेलापुर गांव में गुरुवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकता मिला। इस हृदयविदारक घटना के बाद से गांव में सनसनी फैल गई है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बघेलापुर निवासी गिरजेश सरोज ने करीब 10 वर्ष पहले गांव की ही रहने वाली रिंकी रैदास से प्रेम विवाह किया था। दोनों का जीवन सामान्य चल रहा था, लेकिन गुरुवार सुबह करीब 7 बजे घर के कमरे में रिंकी का शव फंदे से लटका देख परिजनों के होश उड़ गए। देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोखराज पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट (फॉरेंसिक टीम) को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महिला ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पति और अन्य परिजनों से पूछताछ कर रही है। थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)