यूपी में सूर्य का 'रौद्र रूप': 21 मई तक प्रचंड लू का ऑरेंज अलर्ट, सीएम योगी ने संभाली कमान
यूपी में 21 मई तक भीषण लू का ऑरेंज अलर्ट। सीएम योगी ने अस्पतालों में विशेष वार्ड और निर्बाध बिजली-पानी के सख्त निर्देश दिए।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आसमान से बरसती आग और रिकॉर्ड तोड़ गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शासन-प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट मोड पर डाल दिया है। मौसम विभाग (IMD) द्वारा राज्य में 21 मई तक भीषण लू (Heat Wave) का 'ऑंरेज अलर्ट' जारी करने के बाद, मुख्यमंत्री ने हाई-लेवल मीटिंग कर सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
सीएम योगी ने साफ कहा है कि इस जानलेवा गर्मी में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार द्वारा जारी मुख्य निर्देश इस प्रकार हैं:
- हीट स्ट्रोक वार्ड: सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए विशेष बेड, जीवन रक्षक दवाएं और डॉक्टरों की चौबीसों घंटे उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
- सक्रिय एम्बुलेंस सेवा: आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस सेवाओं को पूरी तरह एक्टिव रखा जाए।
- बिजली और पानी की गारंटी: भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण और शहरी इलाकों में बिजली की कटौती न की जाए। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और चौराहों पर शुद्ध पेयजल और प्याऊ की तत्काल व्यवस्था की जाए।
तापमान में 4 डिग्री तक उछाल की आशंका, बरतें सावधानी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 19 से 21 मई के बीच उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गर्म पछुआ हवाएं (लू) और रफ्तार पकड़ेंगी, जिससे पारा 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है।
सीएम योगी की जनता से अपील: मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है। उन्होंने लोगों से सूती कपड़े पहनने, सिर ढककर रखने और शरीर में पानी की कमी न होने देने का आग्रह किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)