अम्बेडकरनगर में 'स्कूल चलो अभियान 2026-27' का शंखनाद: शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य
अम्बेडकरनगर में 'स्कूल चलो अभियान 2026-27' का आगाज; सीएम योगी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण और छात्र-छात्राओं को पुस्तकों का वितरण
अम्बेडकरनगर। जनपद में शिक्षा के उजियारे को घर-घर पहुँचाने के उद्देश्य से शनिवार को “स्कूल चलो अभियान 2026–27” का भव्य शुभारंभ हुआ। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रदेश स्तरीय संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा और जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति रही।
शिक्षा राष्ट्र निर्माण का आधार
जिला पंचायत अध्यक्ष ने अभिभावकों से मार्मिक अपील करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, उन्हें अनिवार्य रूप से स्कूल भेजें। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कड़ा निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केंद्रों से उत्तीर्ण एक भी बच्चा नामांकन से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षण कार्य केवल ड्यूटी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का अनुष्ठान है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जनपद की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया:
- स्मार्ट क्लासेज: सत्र 2026-27 के लिए जनपद के 478 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास स्थापित की गई हैं।
- ऑपरेशन कायाकल्प: 99.50% विद्यालयों में मूलभूत अवस्थापना सुविधाएं पूर्ण कर ली गई हैं।
- डिजिटल इंडिया: 1,345 विद्यालयों में 2,754 टैबलेट्स का वितरण सिम कार्ड और डेटा के साथ किया गया है।
- आदर्श विद्यालय: भारत सरकार की मंशा के अनुरूप 20 पीएमश्री विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया गया है।
डीबीटी (DBT): सत्र 2025-26 के पंजीकृत 1,41,062 छात्रों के खातों में 1200 रुपये की राशि भेजी जा रही है, जिससे यूनिफॉर्म, स्वेटर, बैग और जूते-मोजे खरीदे जाने हैं।
मिड-डे मील: प्राथमिक स्तर पर 450 कैलोरी और उच्च प्राथमिक स्तर पर 700 कैलोरी ऊर्जा युक्त पका-पकाया भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
निःशुल्क शिक्षा: कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में 800 बालिकाओं को मुफ्त शिक्षा दी जा रही है, जिनका अब कक्षा 12 तक उच्चीकरण कर दिया गया है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं। डीएम ने 'स्कूल रेडीनेस' कार्यक्रम के तहत प्री-प्राइमरी कक्षाओं के सफल संचालन पर भी जोर दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0