महमाया मेडिकल कॉलेज में विधि छात्रों का 'हेल्थ स्कैन', 25 भावी वकीलों का हुआ निःशुल्क परीक्षण
महमाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज में सी.बी. सिंह लॉ कॉलेज के छात्रों हेतु निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर संपन्न; विशेषज्ञों ने दी सलाह।
अम्बेडकरनगर। स्वास्थ्य और शिक्षा के बीच समन्वय की एक सराहनीय मिसाल पेश करते हुए सोमवार को महमाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, अकबरपुर में एक विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में सी.बी. सिंह लॉ कॉलेज, सोनगांव के 25 विधि छात्रों के स्वास्थ्य की गहन जांच की गई।
प्राचार्य डॉ. मुकेश यादव के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य युवा छात्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना और संभावित बीमारियों की समय पर पहचान करना था। शिविर में स्त्री रोग, ईएनटी, नेत्र रोग, सामान्य चिकित्सा, मनोचिकित्सा और दंत रोग विभागों के विशेषज्ञों ने छात्रों का परीक्षण किया। जांच के साथ-साथ पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी विभाग के सहयोग से आवश्यक टेस्ट भी किए गए।
शिविर के सफल संचालन में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित पटेल, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मुकुल सक्सेना, और डॉ. अभिषेक पाण्डेय (दंत रोग) सहित कई वरिष्ठ चिकित्सकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रशासनिक व्यवस्थाओं का समन्वय डॉ. वैष्णवी आनंद द्वारा किया गया। छात्रों के साथ आए संकाय सदस्य आकाश श्रीवास्तव और पूनम चौहान ने इस पहल की सराहना की। अस्पताल प्रशासन ने भविष्य में भी शैक्षणिक संस्थानों के लिए ऐसे जागरूकता शिविर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0