जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में अब होगा आंखों का हाई-टेक इलाज, 50 लाख के आधुनिक उपकरण हुए भेंट

जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज कानपुर को साइट सेवर्स और एसबीआई म्यूचुअल फंड की ओर से 50 लाख के आधुनिक नेत्र उपकरण मिले।

Apr 18, 2026 - 21:00
 0  1
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में अब होगा आंखों का हाई-टेक इलाज, 50 लाख के आधुनिक उपकरण हुए भेंट

कानपुर : शहर के प्रमुख चिकित्सा केंद्र, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग में अब मरीजों को विश्वस्तरीय इलाज के लिए लंबी प्रतीक्षा नहीं करनी होगी। सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए 'साइट सेवर्स' संस्था और 'एसबीआई म्यूचुअल फंड' के सौजन्य से विभाग को लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण भेंट किए गए हैं।

प्राचार्य डॉ. संजय काला की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान इन मशीनों को मरीजों की सेवा हेतु समर्पित किया गया। पहले ओपीडी में आधुनिक उपकरणों की कमी के कारण मरीजों को लंबी कतारों और जांच में देरी का सामना करना पड़ता था। अब इन नई मशीनों के आने से न केवल जांच की गति बढ़ेगी, बल्कि दूर-दराज से आने वाले गरीब और असहाय मरीजों को पूरी तरह निःशुल्क और सटीक उपचार मिल सकेगा।

नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. परवेज खान ने बताया कि ये उपकरण केवल मरीजों के लिए ही नहीं, बल्कि मेडिकल कॉलेज के जूनियर रेजिडेंट्स (JR) के लिए भी वरदान साबित होंगे। आधुनिक तकनीक के माध्यम से अब छात्र बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे और जटिल सर्जरी व जांच की बारीकियों को आसानी से सीख सकेंगे।

इन अत्याधुनिक मशीनों से लैस हुआ विभाग

  • संस्था द्वारा प्रदान किए गए 6 प्रमुख उपकरणों में शामिल हैं:
  • फेको एमुलसिफिकेशन सिस्टम (मोतियाबिंद की आधुनिक सर्जरी हेतु)
  • याग लेज़र (ऑक्सीस्सोटीएस स्टैंड के साथ)
  • ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप
  • स्लिट लैंप एवं टोनोमीटर
  • ऑटो रिफ्रेक्टोमीटर (मोटराइज्ड टेबल के साथ)

प्राचार्य डॉ. संजय काला ने संस्था के प्रतिनिधि प्रमोद सिंह और रेनू अरोड़ा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित के कार्यों में ऐसी सहभागिता सराहनीय है। उन्होंने अन्य सक्षम संस्थानों से भी आगे आने की अपील की। संस्था के पदाधिकारियों ने भी भविष्य में इसी प्रकार सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया है।

इस अवसर पर उप-प्राचार्य डॉ. ऋचा गिरी, प्रमुख अधीक्षक डॉ. सौरभ अग्रवाल, पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. शालिनी मोहन सहित विभाग के वरिष्ठ डॉक्टर और संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0