प्रयागराज: 6 लेन पुल की धीमी रफ्तार पर डीएम नाराज, 10 दिसंबर तक काम पूरा न होने पर FIR की चेतावनी; कन्वेंशन सेंटर का भी निरीक्षण
प्रयागराज में डीएम मनीष कुमार वर्मा ने निर्माणाधीन 6 लेन पुल व कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण किया और 10 दिसंबर तक काम पूरा न होने पर FIR दर्ज कराने की सख्त चेतावनी दी।
प्रयागराज: जिले में चल रहे प्रमुख विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता को परखने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा गुरुवार को मैदान में उतरे। उन्होंने प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) के उपाध्यक्ष ऋषिराज और नगर आयुक्त सीलम सांई तेजा के साथ निर्माणाधीन 6 लेन पुल के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुल के काम की प्रगति धीमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और कार्यदायी संस्था को 10 दिसंबर तक एक साइड का निर्माण कार्य अनिवार्य रूप से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कार्यदायी संस्था को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा यानी 10 दिसंबर तक एक साइड का कार्य पूरा नहीं किया गया, तो संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराने के साथ-साथ अन्य कड़ी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ पुल पर सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। काम की रफ्तार बढ़ाने के लिए डीएम ने कार्यदायी संस्था को मौके पर मशीनरी और मैनपॉवर बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही सेतु निगम के अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित करते हुए निर्माण प्रगति की दैनिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने विज्ञान संकाय परिसर के बगल में बन रहे कन्वेंशन सेंटर (कल्चरल कॉम्प्लेक्स) के निर्माण कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि कन्वेंशन सेंटर के शेष कार्यों को भी 10 दिसंबर तक गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान विभिन्न संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
(जैनुल आब्दीन)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)