बरेली: खंडेलवाल कॉलेज में संविधान दिवस पर युवा संवाद, पोस्टर व भाषण प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिखाया दम

बरेली के खंडेलवाल कॉलेज में माय भारत के तत्वावधान में संविधान दिवस पर युवा संवाद और प्रतियोगिताएं हुईं, जहां छात्रों ने विकसित भारत@2047 के संकल्प के साथ संवैधानिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।

Nov 26, 2026 - 22:05
0 0
बरेली: खंडेलवाल कॉलेज में संविधान दिवस पर युवा संवाद, पोस्टर व भाषण प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिखाया दम

बरेली: मेरा युवा भारत (माय भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संविधान दिवस के अवसर पर खंडेलवाल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट साइंस एंड टेक्नोलॉजी, बरेली में जागरूकता कार्यक्रम एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को भारतीय संविधान के महत्व, संवैधानिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों तथा 'विकसित भारत@2047' के निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा।

माय भारत की उप निदेशक पुष्पा सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. के. सिंह, डॉ. शिव स्वरूप, डॉ. कल्पना कटियार एवं अन्य प्रवक्ताओं द्वारा मां सरस्वती के समक्ष पुष्पार्चन और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। अपने संबोधन में उप निदेशक पुष्पा सिंह ने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है, और विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका बेहद अहम है। प्राचार्य डॉ. आर. के. सिंह ने संविधान को लोकतंत्र की आधारशिला बताया, जबकि माय भारत के यूथ आइकॉन इनाम खान ने युवाओं को नेतृत्व विकास, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

संविधान दिवस के मौके पर आयोजित पोस्टर एवं भाषण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। निर्णायक मंडल में लेफ्टिनेंट रचना, डॉ. मोनिका सक्सेना और इनाम खान शामिल रहे। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिभा ने प्रथम, साक्षी ने द्वितीय और आयुष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में शाहनूर पहले, सृष्टि दूसरे और इशू मिश्रा तीसरे स्थान पर रहे, जबकि प्रतिमा जायसवाल को सांत्वना पुरस्कार मिला।

कार्यक्रम का संचालन यूथ आइकॉन इशू मिश्रा ने किया और आयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सविता सक्सेना के निर्देशन में संपन्न हुआ। इसमें फरहा हुसैन, आलोक पटेल और शिवांग का विशेष सहयोग रहा। अंत में न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के सिद्धांतों को अपनाकर सशक्त व जिम्मेदार भारत बनाने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User