प्रयागराज: सीएवी इंटर कॉलेज में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ, न्यायिक अधिकारियों व छात्रों ने ली मौलिक कर्तव्यों की प्रतिज्ञा

प्रयागराज के सीएवी इंटर कॉलेज में संविधान दिवस पर भव्य आयोजन हुआ, जहां न्यायिक अधिकारियों, शिक्षकों व छात्रों ने संविधान की प्रस्तावना पढ़ी और मौलिक कर्तव्यों की प्रतिज्ञा ली।

Nov 26, 2026 - 21:40
0 1
प्रयागराज: सीएवी इंटर कॉलेज में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ, न्यायिक अधिकारियों व छात्रों ने ली मौलिक कर्तव्यों की प्रतिज्ञा

प्रयागराज: संविधान दिवस के अवसर पर आज प्रयागराज स्थित सीएवी इंटर कॉलेज में भारतीय संविधान के प्रति सम्मान, संवैधानिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्रबंधन, शिक्षकों और प्रयागराज न्यायपालिका के प्रतिनिधियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। समारोह के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया और संविधान में निहित मौलिक कर्तव्यों के पालन की सामूहिक प्रतिज्ञा ली।

इस विशिष्ट अवसर पर अपर जनपद न्यायाधीश प्रभात कुमार यादव, अरुण कुमार यादव, अम्बेश कुमार पांडेय, प्रदीप्ति सिंह (सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, प्रयागराज) तथा शिक्षा सह जिला विद्यालय निरीक्षक नीरज केसरी, मेजर कैलाश प्रसाद, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य-प्रधानाचार्याएं, स्काउट एंड गाइड के सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों को संविधान की मूल भावना तथा न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता जैसे आदर्शों के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। वक्ताओं ने यह संदेश दिया कि संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र, समाज और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अपने कर्तव्यों का भी बोध कराता है। विद्यार्थियों को विशेष रूप से राष्ट्र की एकता व अखंडता की रक्षा करने, सार्वजनिक संपत्ति को सुरक्षित रखने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने, पर्यावरण संरक्षण करने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने जैसे संवैधानिक दायित्वों की जानकारी दी गई।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में संवैधानिक साक्षरता और विधिक जागरूकता को बढ़ावा देकर उन्हें जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनाना रहा। विद्यालय प्रांगण में संपन्न यह कार्यक्रम अत्यंत प्रेरणादायक और अनुशासित वातावरण में आयोजित हुआ।

(जैनुल आब्दीन)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User