UNSC में भारत की दो टूक: आतंकवाद में AI के दुरुपयोग पर लगे लगाम, 'ब्लैक सी' में सुरक्षित रहे वैश्विक सप्लाई चेन
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत ने एआई के दुरुपयोग और आतंकवादियों द्वारा तकनीक के इस्तेमाल के खतरों से निपटने के साथ 'ब्लैक सी' में सप्लाई चेन की सुरक्षा पर जोर दिया।
न्यूयॉर्क: भारत ने वैश्विक मंच पर उभरती प्रौद्योगिकियों के सुरक्षित, जिम्मेदार और न्यायसंगत उपयोग को लेकर अपनी नीति स्पष्ट कर दी है। "तेजी से होते तकनीकी बदलावों के दौर में संघर्ष समाधान" विषय पर आयोजित संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की उच्च-स्तरीय खुली बहस में भारत ने चार मुख्य सिद्धांतों पर विशेष जोर दिया। लातविया की अध्यक्षता में बुलाई गई इस महत्वपूर्ण बैठक में भारत का पक्ष रखते हुए संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने दो टूक कहा कि तकनीक को हमेशा मानव-केंद्रित और वैश्विक शांति का साधन बने रहना चाहिए, न कि वह स्वयं में एक लक्ष्य बन जाए।
यूएन स्थित भारत के स्थायी मिशन के अनुसार, राजदूत पी. हरीश ने चार प्रमुख बिंदुओं को रेखांकित किया। पहला, तकनीक का विकास मानव-केंद्रित रहे और यह शांति स्थापना में सहायक बने। दूसरा, संघर्ष की स्थितियों में नई तकनीकों का उपयोग पूरी तरह जिम्मेदारीपूर्ण, संप्रभुता का सम्मान करने वाला और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप होना चाहिए। तीसरा, दुनिया को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी उभरती तकनीकों के दुरुपयोग, विशेष रूप से आतंकवादियों और नॉन-स्टेट तत्वों द्वारा इसके इस्तेमाल से उत्पन्न गंभीर खतरों से सख्ती से निपटना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि घातक स्वायत्त हथियार प्रणालियों से जुड़े निर्णयों की अंतिम जिम्मेदारी हमेशा इंसानों के पास ही रहनी चाहिए।
चौथे बिंदु पर जोर देते हुए भारतीय राजदूत ने कहा कि तकनीकी बदलावों के कारण विश्व में पहले से मौजूद असमानताएं और अधिक गहरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्यात नियंत्रण के नाम पर विकासशील देशों को तकनीक से वंचित रखने और 'ग्लोबल साउथ' के देशों को केवल एक उपभोक्ता मात्र समझने की प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त की।
इससे एक दिन पूर्व भी राजदूत हरीश ने यूएनएससी की एक अन्य उच्च-स्तरीय ब्रीफिंग में भारत का रुख रखा था। उन्होंने महत्वपूर्ण ऊर्जा बुनियादी ढांचे और वैश्विक खाद्य आपूर्ति के लिए 'ब्लैक सी' (काला सागर) की समुद्री जीवन-रेखाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही, उन्होंने वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर हो रहे हमलों को तत्काल रोकने तथा संवाद व कूटनीति के माध्यम से संघर्ष का समाधान निकालने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)