सीतापुर में शतरंज का संग्राम: विधि और पर्व बने यूपी के नए चेस चैंपियन, नेशनल के लिए टिकट पक्का
सीतापुर में संपन्न यूपी स्टेट शतरंज चैंपियनशिप में विधि एंजेलिना और पर्व चौधरी ने जीते खिताब। टॉप खिलाड़ी नेशनल के लिए चयनित
(शैलेन्द्र यादव, सीतापुर)
सीतापुर : दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर में आयोजित यू.पी. स्टेट आयु वर्ग शतरंज चैंपियनशिप में आज अंडर-19 गर्ल्स एवं अंडर-13 ओपन वर्ग की प्रतियोगिताओं का रोमांचक समापन हुआ। प्रदेशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
अंडर-19 गर्ल्स वर्ग में वाराणसी की उभरती शतरंज खिलाड़ी विधि एंजेलिना ने अंतिम चक्र में प्रयागराज की अनुप्रिया यादव से ड्रॉ खेलते हुए कुल 4.5 अंक अर्जित कर खिताब अपने नाम किया।
वहीं वाराणसी की समृद्धि तिवारी ने लखनऊ की पर्णिका गुप्ता को पराजित कर उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता में प्रयागराज की अनुप्रिया यादव और गाजियाबाद की खुशीका मित्तल ने समान 4-4 अंक प्राप्त किए, लेकिन बेहतर टाई-ब्रेक स्कोर के आधार पर अनुप्रिया तीसरे तथा खुशीका चौथे स्थान पर रहीं। लखनऊ की सान्वी अग्रवाल ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।
इस वर्ग की शीर्ष चार खिलाड़ियों ने आगामी राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश टीम में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है।
वहीं अंडर-13 ओपन वर्ग में मथुरा के पर्व चौधरी और प्रयागराज के शिवाय सिंह के बीच खिताब के लिए कांटे की टक्कर देखने को मिली। दोनों खिलाड़ियों ने 8-8 अंक अर्जित किए, लेकिन बेहतर टाई-ब्रेक स्कोर के आधार पर पर्व चौधरी को विजेता और शिवाय सिंह को उपविजेता घोषित किया गया।
गाजियाबाद के विवान वरुण, लखनऊ के प्रणव रस्तोगी और महाराजगंज के अयांश सिंह ने 6.5-6.5 अंक हासिल किए। बेहतर टाई-ब्रेक के आधार पर विवान वरुण तीसरे, प्रणव रस्तोगी चौथे और अयांश सिंह पांचवें स्थान पर रहे।
अंडर-13 ओपन वर्ग में प्रथम दो स्थान प्राप्त करने वाले पर्व चौधरी और शिवाय सिंह अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता के आयोजकों ने बताया कि 8 मई 2026 से अंडर-11 गर्ल्स एवं अंडर-15 ओपन वर्ग की प्रतियोगिताओं का शुभारंभ होगा, जिसमें प्रदेश के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग लेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)