डीआरएम कप अंडर-14: कैंटोनमेंट बोर्ड और डीएसए क्लब की शानदार जीत, अक्षित और जैद चमके

डीआरएम कप अंडर-14 क्रिकेट में कैंटोनमेंट बोर्ड और डीएसए क्लब ने जीत दर्ज की। अक्षित रावत और जैद बने मैन ऑफ द मैच।

Apr 16, 2026 - 20:21
 0  1
डीआरएम कप अंडर-14: कैंटोनमेंट बोर्ड और डीएसए क्लब की शानदार जीत, अक्षित और जैद चमके

प्रयागराज। स्थानीय डीएसए मैदान पर आयोजित डीआरएम कप अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबलों का दौर जारी है। बुधवार रात और गुरुवार सुबह खेले गए मैचों में कैंटोनमेंट बोर्ड क्लब और डीएसए क्लब ने अपने प्रतिद्वंदियों को मात देकर अंक तालिका में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली है।

बुधवार रात फ्लड लाइट्स में खेले गए मुकाबले में कैंटोनमेंट बोर्ड क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 22 ओवरों में 6 विकेट खोकर 144 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अक्षित रावत ने शानदार 73 रनों की पारी खेली, जबकि आर्यन कुमार ने 17 रनों का योगदान दिया। खेलगांव पब्लिक स्कूल की ओर से जय पांडेय ने 12 रन देकर 2 विकेट झटके।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी खेलगांव पब्लिक स्कूल की टीम कड़े संघर्ष के बावजूद 22 ओवरों में 7 विकेट पर 128 रन ही बना सकी। कर्तव्य सिंह (26 रन) और शौर्य कुमार (24 रन) ने कोशिश जरूर की, लेकिन सजल तिवारी की घातक गेंदबाजी (3 विकेट) ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। शानदार प्रदर्शन के लिए अक्षित रावत को पूर्व रणजी क्रिकेटर ताहिर अब्बास ने 'मैन ऑफ द मैच' से नवाजा।

गुरुवार सुबह के मैच में एमआईसी ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 25 ओवरों में 9 विकेट पर 120 रन बनाए। आर्यन (41 रन) और गुलाम कादिर (22 रन) के अलावा अन्य बल्लेबाज खास प्रभाव नहीं छोड़ सके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएसए क्लब की टीम ने आक्रामक रुख अपनाया और मात्र 16.5 ओवरों में 2 विकेट खोकर 121 रन बना लिए। जैद ने सर्वाधिक 42 रन और कार्तिकेय तिवारी ने 20 रनों का योगदान दिया। पूर्व क्रिकेटर नितिन सिब्बल ने जैद को उनकी मैच जिताऊ पारी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' का पुरस्कार प्रदान किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0