प्रयागराज: पूरे भुलई ईदगाह में अकीदत के साथ गुजरी ईद, सपा प्रदेश अध्यक्ष ने हाजी साहब का जाना हाल
प्रयागराज के पूरे भुलई में ईद की नमाज संपन्न। 86 वर्षीय हाजी साहब से मिले सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल।
प्रयागराज (आनंदी मेल ब्यूरो)। फूलपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत चक अब्दुल करीम उर्फ पूरे भुलई में ईद-उल-फितर का पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्थानीय ईदगाह मस्जिद में सुबह ठीक 8:00 बजे नमाज अदा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत कर मुल्क की सलामती की दुआ मांगी।
आस्ताना सिकंदरिया के सज्जादानशीन ने दिलाई नमाज
ईद की विशेष नमाज आस्ताना सिकंदरिया खानकाह के सज्जादानशीन सैय्यद हाफिज सदरुल हसन ने मुकम्मल कराई। नमाज के बाद रूहानी मंजर तब देखने को मिला जब बाबूगंज निवासी 86 वर्षीय हाफिज हाजी अब्दुल खालिक ने अपने पीर-ओ-मुर्शिद सदरुल हसन से मुलाकात की। सज्जादानशीन ने बुजुर्ग हाजी साहब को गले लगाकर उनकी खैरियत पूछी और ईद की मुबारकबाद दी।
सपा प्रदेश अध्यक्ष से हुई अचानक मुलाकात
ईदगाह से नमाज पढ़कर लौट रहे बुजुर्ग हाजी अब्दुल खालिक की अचानक मुलाकात समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल से हुई। प्रदेश अध्यक्ष ने बड़े ही गर्मजोशी से हाजी साहब का हाल-चाल जाना और उनसे देश व प्रदेश में अमन-चैन व आपसी भाईचारे के लिए दुआ करने की दरख्वास्त की।
श्याम लाल पाल ने इस मौके पर मौजूद सभी नमाजियों और प्रदेश के समस्त मुस्लिम समाज को ईद की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व हमारे समाज के आपसी सौहार्द और साझा संस्कृति का प्रतीक है।
मुलाकातों का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। प्रदेश अध्यक्ष ने भरौटी (इफको) से आए मोहम्मद इस्तियाक से भी भेंट की। इस दौरान दोनों ने पुराने यादगार पलों को साझा किया और एक-दूसरे को ईद की ढेरों शुभकामनाएं दीं। पूरे भुलई क्षेत्र में ईद का यह दिन धार्मिक आस्था के साथ-साथ राजनीतिक और सामाजिक मेल-मिलाप का केंद्र बना रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0