प्रयागराज: अबुजर अंसारी की 'तिलिस्मी' गेंदबाजी, हनुमानगंज क्लब ने लूकरगंज को 207 रनों से रौंदा
प्रयागराज में अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज; अबुजर अंसारी के 7 विकेटों की बदौलत हनुमानगंज क्लब ने 207 रनों से जीत दर्ज की।
प्रयागराज : स्थानीय चक हरिहरगंज झूंसी मैदान पर मंगलवार से छठवीं केएस स्पोर्ट्स कलर ड्रेस अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता का धमाकेदार आगाज हुआ। उद्घाटन मुकाबले में एएस हनुमानगंज क्लब ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए लूकरगंज क्लब को 207 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त दी। इस जीत के हीरो अनुभव गुप्ता रहे, जिन्होंने बल्ले से आग उगली और अबुजर अंसारी रहे, जिन्होंने अपनी गेंदबाजी से इतिहास रच दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एएस हनुमानगंज क्लब ने निर्धारित 30 ओवरों में 235 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
- अनुभव गुप्ता ने मात्र 55 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 75 रनों की तूफानी पारी खेली।
- शिवांश जायसवाल ने 63 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया, जबकि कार्तिकेय राय ने 28 रन बनाए।
लूकरगंज की ओर से ईशान ने 4 और शिवम यादव ने 3 विकेट झटके, लेकिन वे रनों की रफ्तार पर लगाम नहीं लगा सके।
236 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लूकरगंज क्लब की टीम अबुजर अंसारी की घातक गेंदबाजी के सामने ताश के पत्तों की तरह ढह गई। अबुजर ने 5.1 ओवर में 3 मेडन रखते हुए मात्र 05 रन देकर 7 विकेट हासिल किए। आलम यह रहा कि लूकरगंज का कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुँच सका और पूरी टीम महज 11.5 ओवरों में 28 रनों पर सिमट गई।
इससे पूर्व, टैगोर पब्लिक स्कूल के क्रीड़ा अध्यापक विजय राय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। आयोजन सचिव विपिन यादव ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन सचिन प्रकाश सिंह द्वारा किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0