यूपी के पत्रकारों के लिए बड़ी खुशखबरी: AB-PMJAY के तहत मिलेगा कैशलेस इलाज, 1 सप्ताह में पोर्टल पर अपलोड होगा डेटा

यूपी में मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिवारों को AB-PMJAY के तहत कैशलेस इलाज मिलेगा। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने नए पोर्टल के गो-लाइव की सहमति देकर 1 सप्ताह में डेटा अपलोड का निर्देश दिया। #AyushmanBharat #UPNews #JournalistHealthCard #Lucknow #CashlessTreatment #ABPMJAY #ABPMJAY #UPJournalists #AyushmanCard #UPGovt #HealthInsurance #LucknowNews

Oct 27, 2026 - 19:56
0 2
यूपी के पत्रकारों के लिए बड़ी खुशखबरी: AB-PMJAY के तहत मिलेगा कैशलेस इलाज, 1 सप्ताह में पोर्टल पर अपलोड होगा डेटा

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के अंतर्गत मान्यता प्राप्त पत्रकारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए तैयार किए गए नए पोर्टल को 'गो-लाइव' (Go-Live) करने की आधिकारिक सहमति दे दी गई है।

यह निर्णय सूचना निदेशालय के सभागार में सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक और प्रशिक्षण सत्र के दौरान लिया गया। बैठक में स्टेट हेल्थ एजेंसी (AB-PMJAY) के अधिकारियों ने पोर्टल के 'प्रोसेस फ्लो' (Process Flow) का विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया। लाइव डेमो के माध्यम से पत्रकारों के आवेदन, सत्यापन, आयुष्मान कार्ड जारी करने तथा डाउनलोड करने की संपूर्ण डिजिटल प्रक्रिया को समझाया गया। इस प्रशिक्षण सत्र में मुख्यालय सहित प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पत्रकारों और उनके परिजनों को त्वरित और पारदर्शी लाभ पहुंचाने के लिए इस पोर्टल को अत्यंत सरल और सुगम बनाया गया है। उन्होंने प्रदेश के सभी जनपदीय सूचना अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अब तक नहीं बन पाए हैं, उनकी सभी औपचारिकताएं एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कर पोर्टल पर अपलोड की जाएं।

निदेशक ने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डेटा अपलोड करने के साथ ही मुख्यालय को भी सूचित करने का निर्देश दिया गया है ताकि आगे की कार्रवाई बिना किसी विलंब के पूरी की जा सके।

इस बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित विभाग और स्टेट हेल्थ एजेंसी के कई प्रमुख अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस पहल से प्रदेशभर के पत्रकारों को बड़ी राहत मिलेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User