विंध्याचल नवरात्रि मेला: श्रद्धालुओं के लिए विशेष रेल व्यवस्थाएं
प्रयागराज मंडल द्वारा विंध्याचल शारदीय नवरात्रि मेले के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन ने स्टेशन का निरीक्षण कर पेयजल, सुरक्षा व टिकट व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
(जैनुल आब्दीन)
प्रयागराज: उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल द्वारा विंध्याचल में 11 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले शारदीय नवरात्रि मेला को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। इसी क्रम में 11 अक्टूबर 2026 को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन ने विंध्याचल रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया और मेला अवधि के दौरान उपलब्ध कराई जाने वाली सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मेले के दौरान स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए टिकट, पेयजल, शौचालय, खानपान, चिकित्सा एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तीन अनारक्षित टिकट काउंटर, एक पूछताछ केंद्र तथा दो शिफ्टों में संचालित आरक्षित टिकट काउंटर की व्यवस्था की गई है। टिकट बिक्री को सुगम बनाने हेतु 8 अतिरिक्त कर्मचारी और टिकट जांच व यात्री सहायता के लिए 20 अतिरिक्त चेकिंग स्टाफ तैनात किए गए हैं।
चिकित्सा, सुरक्षा और आपातकालीन सेवाएं
स्टेशन परिसर में यात्रियों के विश्राम के लिए अस्थायी यात्री शेड, 15 पुरुष एवं 15 महिला शौचालय तथा पर्याप्त पेयजल प्वाइंट बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, यात्रियों का सामान खोने या अपनों से बिछड़ने की स्थिति में सहायता के लिए सर्कुलेटिंग एरिया में खोया-पाया केंद्र स्थापित किया गया है। खानपान की सुविधा हेतु 5 स्टॉल लगातार संचालित हैं।
स्वास्थ्य सुरक्षा के दृष्टिगत स्टेशन पर सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, नागरिक सुरक्षा संगठन, भारत स्काउट एवं गाइड, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र तथा राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सा दल तैनात किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चौबीसों घंटे एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी। संपूर्ण स्टेशन परिसर और मंदिर मार्ग पर रेलवे समय-सारिणी प्रसारित की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवान मुस्तैद हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)