प्रयागराज ने याद किया 'छुन्नन गुरु' का सादगी भरा अंदाज और गौरवशाली राजनीतिक सफर

प्रयागराज में जननायक छुन्नन गुरु की 126वीं जयंती मनाई गई। सांसद उज्जवल रमण सिंह ने उन्हें जन-जन का नेता बताया।

Jan 10, 2026 - 20:26
 0  1
प्रयागराज ने याद किया 'छुन्नन गुरु' का सादगी भरा अंदाज और गौरवशाली राजनीतिक सफर

प्रयागराज। प्रयागराज की माटी के अनमोल रत्न और सादगी के प्रतीक पूर्व विधायक कल्याण चंद्र मोहिले, जिन्हें दुनिया 'छुन्नन गुरु' के नाम से जानती है, उनकी 126वीं जन्म जयंती शनिवार को धूमधाम से मनाई गई। छुन्नन गुरु स्मारक समिति द्वारा घंटाघर चौराहे पर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद उज्जवल रमण सिंह ने कहा कि छुन्नन गुरु केवल एक राजनीतिज्ञ नहीं, बल्कि जन-जन के नेता थे। उनका जीवन दलगत राजनीति से ऊपर उठकर समाज सेवा के प्रति समर्पित रहा। वहीं, अध्यक्षता कर रहे सिविल डिफेंस के चीफ वार्डेन अनिल कुमार गुप्ता 'अन्नू भैया' ने उनके विशिष्ट व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा, "हाथ में डंडा और मुंह में पान ही छुन्नन गुरु की असली पहचान थी।"

संचालक रामजी केसरवानी ने उनके राजनीतिक इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे 1952 से 1967 तक शहर दक्षिणी से प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के विधायक रहे। उन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए एक आदर्श स्थापित किया। इस अवसर पर राजेश केसरवानी, पार्षद सुनीता चोपड़ा, मुन्ना मजदूर सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0