प्रतापगढ़: मौत के मुहाने से लौट आई शांति देवी, मिशन शक्ति टीम की तत्परता ने बचाई वृद्ध महिला की जान

कुंडा के मानिकपुर में बीमारी से तंग आकर गंगा में जान देने पहुंची वृद्ध महिला को मिशन शक्ति टीम ने सुरक्षित बचाया

May 14, 2026 - 21:32
0 1
प्रतापगढ़: मौत के मुहाने से लौट आई शांति देवी, मिशन शक्ति टीम की तत्परता ने बचाई वृद्ध महिला की जान

(आदर्श भारतीय)

कुंडा, प्रतापगढ़। मानिकपुर थाना क्षेत्र के गहनेरू बाग गांव की रहने वाली एक वृद्ध महिला ने बीमारी से परेशान होकर गुरुवार को गंगा घाट पर आत्महत्या का प्रयास किया। सूचना मिलते ही मिशन शक्ति टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। समय रहते महिला को बचा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस के अनुसार गहनेरू बाग निवासी शांति देवी पत्नी जागेश्वर प्रसाद गुरुवार को राजघाट मानिकपुर पहुंच गई थीं। बताया गया कि वह बीमारी से काफी परेशान थीं और इसी वजह से आत्महत्या का प्रयास करने लगीं। घाट पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मिशन शक्ति टीम मौके पर पहुंची और महिला को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी देर तक बातचीत के बाद महिला शांत हुईं।

इसके बाद पुलिस ने तत्काल 108 एंबुलेंस बुलाकर उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाकांकर भेजा, जहां इलाज के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई। उपचार के बाद पुलिस महिला को सकुशल थाना मानिकपुर लेकर आई। पूछताछ के बाद उनके बड़े पुत्र सोमनाथ पटेल को फोन कर थाने बुलाया गया और महिला को उनके सुपुर्द कर दिया गया।

मानिकपुर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि राजघाट पर एक वृद्ध महिला द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर तत्काल मिशन शक्ति टीम और पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया। टीम ने समय रहते महिला को सुरक्षित बचा लिया। महिला बीमारी से परेशान बताई जा रही थीं।

उन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी कालाकांकर भेजकर उपचार कराया गया। बाद में परिजनों को बुलाकर महिला को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।पुलिस की तत्परता और मिशन शक्ति टीम की सक्रियता से समय रहते महिला की जान बच गई। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User