कुंडा में जयमाल के दौरान 'हर्ष फायरिंग' पड़ी भारी: गनर गिरफ्तार, लाइसेंसी बंदूक और कारतूस बरामद

कुंडा पुलिस ने बारात में हर्ष फायरिंग करने वाले गनर को गिरफ्तार कर लाइसेंसी बंदूक बरामद की।

May 10, 2026 - 20:49
0 65
कुंडा में जयमाल के दौरान 'हर्ष फायरिंग' पड़ी भारी: गनर गिरफ्तार, लाइसेंसी बंदूक और कारतूस बरामद

(एडवोकेट अजय पंडा / ब्यूरो)

कुंडा (प्रतापगढ़)। वैवाहिक आयोजनों में रसूख दिखाने के लिए की जाने वाली 'हर्ष फायरिंग' एक गनर को भारी पड़ गई। कुंडा थाना पुलिस ने मनगढ़ स्थित एक गेस्ट हाउस में बारात के दौरान फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक और खोखा कारतूस भी बरामद किया है।

घटना मनगढ़ स्थित कान्हा गेस्ट हाउस की है, जहां पीरानगर निवासी विकास सिंह की बारात आई थी। जयमाल कार्यक्रम के दौरान प्रयागराज के धूमनगंज निवासी वैभव सिंह के साथ आए गनर रामभवन यादव (निवासी कौशांबी) ने अचानक अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी। इस अचानक हुई गोलीबारी से समारोह में मौजूद महिलाओं और बच्चों में चीख-पुकार मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

गेस्ट हाउस संचालक युवराज सिंह और उनके स्टाफ ने आरोपी को फायरिंग करने से मना किया, लेकिन वह सत्ता और हथियार के नशे में लगातार फायरिंग करता रहा। इसके बाद मामले की जानकारी यूपी-112 को दी गई। संचालक की तहरीर पर पुलिस ने धारा 125 BNS और 27/30 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। मुखबिर की सटीक सूचना पर उपनिरीक्षक मृत्युंजय पांडेय और उनकी टीम ने आरोपी रामभवन यादव को बिदासिन चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी मनोज कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों और वैवाहिक कार्यक्रमों में हर्ष फायरिंग कानूनन अपराध और पूरी तरह प्रतिबंधित है। उन्होंने कहा कि दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User