कुंडा: भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ का भव्य शपथ ग्रहण समारोह
कुंडा में भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ का शपथ ग्रहण समारोह। विधायक विनोद सरोज ने पदाधिकारियों को दिलाई पद की शपथ।
(एडवोकेट अजय पंडा / ब्यूरो)
कुंडा, प्रतापगढ़। भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ की तहसील इकाई कुंडा के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को ब्लॉक सभागार में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद विधायक विनोद सरोज ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अध्यक्ष गौरव मिश्रा और महामंत्री अरशद खान समेत पूरी टीम को शपथ दिलाते हुए विधायक विनोद सरोज ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। उन्होंने जोर देकर कहा:
"जब तक चौथा स्तंभ मजबूत और स्वतंत्र नहीं होगा, तब तक लोकतंत्र पूर्णतः सशक्त नहीं हो सकता। पत्रकारों को बिना किसी दबाव के निष्पक्ष और निर्भीक होकर जनहित के मुद्दों को उठाना चाहिए।"
महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुनेश्वर मिश्र ने अपने संबोधन में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के पत्रकारों को अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहिए और वरिष्ठ पत्रकारों के अनुभव से पत्रकारिता के नैतिक गुणों को सीखना चाहिए। वहीं, राष्ट्रीय संयोजक डॉ. भगवान प्रसाद उपाध्याय ने महासंघ को देश का सबसे सशक्त संगठन बताते हुए कहा कि यह संस्था सदैव पत्रकारों के हितों के लिए संघर्षरत रहती है।
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. कैलाश नाथ ओझा ने कहा कि पत्रकारिता कोई व्यवसाय नहीं बल्कि एक पवित्र मिशन है। उन्होंने पत्रकारों से आह्वान किया कि वे अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी के साथ करें।
समारोह को पुलिस उपाधीक्षक अमरनाथ गुप्ता, तहसीलदार अलख शुक्ला और प्रांतीय महासचिव अजय पांडे समेत कई गणमान्य अतिथियों ने संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और पत्रकारों को अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय मुख्य महासचिव मथुरा प्रसाद धुरिया ने सभी का आभार व्यक्त किया, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन चुनाव अधिकारी डॉ. विजय यादव ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0