मानिकपुर पुलिस और मिशन शक्ति का सराहनीय कार्य: महज 12 घंटे में ढूंढ निकाला लापता किशोर, परिजनों में खुशी

प्रतापगढ़ की मानिकपुर पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने तत्परता दिखाते हुए 12 घंटे में लापता किशोर को सकुशल बरामद किया

May 19, 2026 - 13:40
0 9
मानिकपुर पुलिस और मिशन शक्ति का सराहनीय कार्य: महज 12 घंटे में ढूंढ निकाला लापता किशोर, परिजनों में खुशी

(आदर्श भारतीय)

प्रतापगढ़ : जनपद की मानिकपुर थाना पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने तत्परता दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर लापता 14 वर्षीय किशोर को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और टीम की सराहना की।

जानकारी के अनुसार थाना मानिकपुर क्षेत्र के ग्राम खानकाह निवासी एक महिला ने मंगलवार को थाना पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया। महिला ने बताया कि उसका 14 वर्षीय पुत्र घर से खेलने के लिए बाहर गया था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। शाम करीब सात बजे तक किशोर के घर न पहुंचने पर परिवार के लोगों ने आसपास और रिश्तेदारी में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बेटे के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया।

परिजन किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हो उठे। इसके बाद मामले की सूचना तत्काल थाना मानिकपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मानिकपुर के निर्देशन में मिशन शक्ति टीम और थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खोजबीन शुरू कर दी। टीम द्वारा सर्विलांस, डिजिटल साक्ष्य और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर लगातार जांच की गई।पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर तलाश अभियान चलाया और लगातार तकनीकी सहायता लेते हुए किशोर की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया।

पुलिस की सक्रियता और सतर्कता का ही परिणाम रहा कि महज 12 घंटे के भीतर लापता बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने किशोर को सुरक्षित उसके परिजनों और माता के सुपुर्द कर दिया। बेटे को सकुशल देखकर परिवार के लोगों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए।

परिजनों ने पुलिस टीम की तत्परता, संवेदनशीलता और सराहनीय कार्यशैली की जमकर प्रशंसा की। स्थानीय लोगों ने भी मानिकपुर पुलिस और मिशन शक्ति टीम की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई होने से एक परिवार की बड़ी चिंता दूर हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह संवेदनशील है तथा ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई कर हर संभव मदद की जाती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User