दहेज के झूठे मुकदमे की धमकी से सहमा युवक, शादी के 4 माह बाद सुसाइड नोट लिख दी जान

प्रतापगढ़ में 4 माह पूर्व विवाहित युवक ने फांसी लगाकर दी जान; सुसाइड नोट में सास-ससुर को बताया मौत का जिम्मेदार

Apr 4, 2026 - 11:59
 0  1
दहेज के झूठे मुकदमे की धमकी से सहमा युवक, शादी के 4 माह बाद सुसाइड नोट लिख दी जान

कुंडा, प्रतापगढ़। मानिकपुर थाना क्षेत्र के मुंदीपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 23 वर्षीय युवक पवन कुमार सोनी ने अपने ससुराल पक्ष की प्रताड़ना और धमकी से तंग आकर फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले युवक ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए अपने सास और ससुर को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है।

जानकारी के अनुसार, पवन कुमार सोनी की शादी बीते वर्ष 23 नवंबर को प्रयागराज निवासी सत्य प्रकाश सोनी की पुत्री आस्था के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी में विवाद शुरू हो गया। हाल ही में विवाद बढ़ने पर ससुर सत्य प्रकाश अपनी बेटी को विदा कराकर मायके ले गए। आरोप है कि जब पवन ने अपनी गलती मानकर सुलह की कोशिश की, तो ससुर ने फोन पर उसे बुरी तरह धमकाया और कहा कि वह उस पर 30 लाख रुपये के दहेज उत्पीड़न का फर्जी मुकदमा लिखवाएगा।

इस धमकी से पवन मानसिक रूप से टूट गया था। गुरुवार को वह अपनी ज्वैलरी की दुकान बंद कर घर लौटा और भावुक होकर अपने पिता राम कृपा सोनी के गले लगा। पिता से "जीवन से निराश होने" की बात कहकर वह अपने कमरे में गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक हलचल न होने पर जब पिता ने झरोखे से देखा, तो पवन का शव फंदे से लटक रहा था।

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। भावुक कर देने वाले इस नोट में पवन ने लिखा है:

"मेरी मौत और परिवार की बर्बादी के जिम्मेदार मेरी सास संजू देवी और ससुर सत्य प्रकाश सोनी हैं। इन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, मेरी पत्नी निर्दोष है।"

पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद से मृतक की मां श्यामा देवी और भाई अंकित सोनी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची मानिकपुर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर मामले की विधिक जांच कर रही है। एक हंसता-खेलता परिवार इस मामूली विवाद और धमकी की भेंट चढ़ गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0