कौशाम्बी: कोखराज में होटल संचालकों का 'तांडव', पुलिस जीप पर पेट्रोल डाल फूंकने की कोशिश; खुद पर शौचालय का पानी डाल दी जान देने की धमकी

कौशाम्बी के कोखराज में होटल संचालकों का तांडव; पुलिस जीप फूंकने की कोशिश और आत्महत्या की धमकी, कई हिरासत में

May 12, 2026 - 22:16
0 10
कौशाम्बी: कोखराज में होटल संचालकों का 'तांडव', पुलिस जीप पर पेट्रोल डाल फूंकने की कोशिश; खुद पर शौचालय का पानी डाल दी जान देने की धमकी

(एडवोकेट अजय पंडा / ब्यूरो)

कौशाम्बी। जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नेशनल हाइवे के निर्माण कार्य को रोकने के लिए होटल संचालकों ने कानून की धज्जियां उड़ा दीं। अराजकता इस कदर बढ़ी कि दबंगों ने न केवल सरकारी कार्य में बाधा डाली, बल्कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर उनकी जीप को पेट्रोल डालकर जलाने का दुस्साहस भी किया।

जानकारी के अनुसार, कोखराज क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के चौड़ीकरण और रेलिंग लगाने का कार्य चल रहा है। हाइवे की जद में कुछ होटलों का अवैध हिस्सा आने के कारण होटल संचालक लंबे समय से आक्रोशित थे। मंगलवार को जब कर्मचारी काम करने पहुंचे, तो संचालकों ने उन्हें गाली-गलौज कर भगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने होटल संचालकों ने जो ड्रामा किया, उसने प्रशासनिक सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, एक होटल संचालक ने पुलिस जीप पर पेट्रोल डालकर उसे आग लगाने का प्रयास किया। वहीं, कार्रवाई से बचने के लिए एक अन्य संचालक ने खुद पर शौचालय का गंदा पानी डाल लिया और आत्महत्या की धमकी देते हुए पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता की। हालात बेकाबू होते देख मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।

स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि इन ढाबा संचालकों के हौसले इतने बुलंद होने के पीछे पुलिस और सफेदपोशों का कथित संरक्षण है। सूत्रों का आरोप है कि इन होटलों और ढाबों पर गांजा, अफीम, चरस और शराब की अवैध बिक्री के साथ-साथ 'गरम गोश्त' (देह व्यापार) का काला कारोबार भी संगठित रूप से फल-फूल रहा है। लंबे समय से कार्रवाई न होने के कारण ही ये संचालक अब पुलिस और सरकारी निर्माण कार्यों को चुनौती देने लगे हैं।

कोखराज थाना प्रभारी ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर हमला करने और आगजनी की कोशिश के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

"वीडियो फुटेज के आधार पर सभी अराजक तत्वों की पहचान की जा रही है। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। हाइवे निर्माण कार्य पुलिस सुरक्षा में पूर्ण कराया जाएगा और कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।" - थाना प्रभारी, कोखराज

फिलहाल, क्षेत्र में तनाव व्याप्त है और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। हाइवे अथॉरिटी के अधिकारियों ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है ताकि प्रोजेक्ट को समय पर पूरा किया जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User