कौशाम्बी: घर में सो रही ननद पर भाभी ने चाकू से किया जानलेवा हमला, पुलिस ने चंद घंटों में आरोपी को दबोचा
कौशाम्बी के गोपसासा में भाभी ने ननद पर चाकू से किया जानलेवा हमला; गुरौली पुलिस ने आरोपी महिला को किया गिरफ्तार।
(आदर्श भारतीय)
कौशाम्बी । कौशांबी थाना क्षेत्र के गुरौली चौकी अंतर्गत गोपसासा गांव में पारिवारिक विवाद ने एक बड़ा हिंसक रूप ले लिया, जहां भाभी ने अपनी ननद पर हमला कर दिया है। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थीनी गीता देवी पत्नी स्वर्गीय बुदीलाल केवट, निवासी ग्राम गोपसासा ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 27 अप्रैल 2026 की देर रात उनकी पुत्री दीपका देवी अपने कमरे में सो रही थी। इसी दौरान उसकी भाभी रुखमिनी घर में घुस आई और उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
तहरीर के मुताबिक, आरोपी ने युवती के गले और कान के पास वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बचाव के दौरान उसके हाथ की उंगली में भी चोट आई। आरोप है कि हमले के बाद आरोपी ने मारपीट भी की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गई।
घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और घायल युवती को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मामले की सूचना मिलते ही गुरौली चौकी पुलिस सक्रिय हो गई। चौकी इंचार्ज विजय कुमार मौर्या के नेतृत्व में सिपाही योगेन्द्र कुमार व दिनेश कुमार ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला रुखमिनी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता से अपराधियों में भय और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0