यूपी की पहली स्लीपर #vandebharat एक्सप्रेस प्रयागराज पहुंची, सीएम योगी और रेल मंत्री ने दिखाई हरी झंडी

वाराणसी से नई दिल्ली के बीच शुरू हुई यूपी की पहली स्लीपर वंदे भारत का प्रयागराज जंक्शन पर ढोल-नगाड़ों और मंत्रोच्चार के साथ भव्य स्वागत हुआ। जानिए इस नई सेवा के सभी प्रमुख आकर्षण। #SleeperVandeBharat #PrayagrajJunction #UPNews #YogiAdityanath #AshwiniVaishnaw #VandeBharatExpress #SangamNagari #IndianRailways #NandGopalNandi #KeshavPrasadMaurya

Oct 31, 2026 - 20:35
0 4
यूपी की पहली स्लीपर #vandebharat  एक्सप्रेस प्रयागराज पहुंची, सीएम योगी और रेल मंत्री ने दिखाई हरी झंडी

(जैनुल आबदीन )

प्रयागराज।संगम नगरी प्रयागराज के रेल संपर्क और आधुनिक यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी। देश की अत्याधुनिक रेल सेवाओं में शामिल उत्तर प्रदेश की पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का प्रयागराज जंक्शन पर भव्य स्वागत किया गया। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच प्रारंभ हुई इस महत्वपूर्ण रेल सेवा को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उद्घाटन विशेष गाड़ी (बनारस-नई दिल्ली) को बनारस रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई सेवा के माध्यम से काशी, संगम नगरी प्रयागराज और राष्ट्रीय राजधानी के बीच आधुनिक रात्रिकालीन रेल कनेक्टिविटी का विस्तार हुआ है।

प्रयागराज जंक्शन पर आयोजित स्वागत समारोह में उत्तर प्रदेश के माननीय उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी', महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष वी.के. सिंह, विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) सुरेंद्र चौधरी एवं विधायक फूलपुर दीपक पटेल सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। 

समारोह में मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज रजनीश अग्रवाल सहित मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के शुभारम्भ को प्रयागराज एवं समूचे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे आधुनिकता, तकनीकी उन्नयन और बेहतर यात्री सुविधाओं के नए आयाम स्थापित कर रही है। उत्तर प्रदेश में रेल अवसंरचना का निरंतर विस्तार प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति दे रहा है। प्रयागराज जैसे ऐतिहासिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक महत्व वाले शहर को इस आधुनिक रेल सेवा से जोड़ना क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात है। इससे विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र में आर्थिक, शैक्षणिक और पर्यटन संबंधी गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी' ने अपने संबोधन में कहा कि वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस आधुनिक भारत की तकनीकी क्षमता और बदलती रेल सुविधाओं का प्रतीक है। वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर जैसे महत्वपूर्ण शहरों को राष्ट्रीय राजधानी से जोड़ने वाली यह सेवा प्रदेश की कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि प्रयागराज शिक्षा, व्यापार, संस्कृति एवं धार्मिक पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में इस आधुनिक रेल सेवा से क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और व्यापार, पर्यटन तथा अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी नई संभावनाएं प्राप्त होंगी।

प्रयागराज जंक्शन पर शाम 18:53 बजे पहुंची स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का ढोल नगाड़ों, मंत्रोचार एवं पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने युवा वर्ग और छात्र-छात्राएं ट्रेन की आधुनिक बनावट, सुविधाओं और उसकी गति को लेकर बेहद उत्साहित नजर आए। कई परिवारों और विद्यार्थियों ने इस अनूठे सफर और ऐतिहासिक क्षण को अपने कैमरों में कैद किया, जो देश के आधुनिक होते रेल परिवहन के प्रति उनके गर्व को दर्शाता है। इसके उपरांत समारोह में उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने हरी झंडी  दिखाकर ट्रेन को अगले गंतव्य के लिए रवाना किया।

समारोह के अंत में कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी' ने विभिन्न प्रतियोगिता के विजेता  बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। 

वाराणसी और नई दिल्ली के बीच संचालित यह वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ एवं गाजियाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव के साथ उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण शहरी केंद्रों को आपस में जोड़ती है। प्रयागराज के लिए इस सेवा का विशेष महत्व है, क्योंकि यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी, प्रतियोगी परीक्षार्थी, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी, सरकारी कर्मचारी, मरीज एवं उनके परिजन तथा श्रद्धालु दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों की यात्रा करते हैं। ऐसे में आरामदायक रात्रिकालीन रेल सेवा का उपलब्ध होना यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा है। रात में यात्रा कर अगले दिन अपने गंतव्य तक पहुंचने से यात्रियों को समय का बेहतर उपयोग करने का अवसर मिलेगा। विशेष रूप से उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार, व्यावसायिक बैठकों एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए दिल्ली जाने वाले लोगों को इससे लाभ मिलेगा।

वाराणसी और प्रयागराज भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना एवं धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र हैं। एक ओर काशी विश्वनाथ की नगरी वाराणसी देश-विदेश के श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है, वहीं दूसरी ओर त्रिवेणी संगम, अक्षयवट, बड़े हनुमान मंदिर और ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों के लिए प्रसिद्ध प्रयागराज की अपनी विशिष्ट पहचान है। महाकुंभ जैसे वैश्विक आयोजन ने प्रयागराज की अंतरराष्ट्रीय पहचान को और व्यापक बनाया है। ऐसे में इन दोनों शहरों को राष्ट्रीय राजधानी से आधुनिक रेल सेवा के माध्यम से जोड़ना धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ यात्रियों की आवाजाही को भी अधिक सुविधाजनक बनाएगा। बेहतर कनेक्टिविटी से पर्यटन, स्थानीय व्यापार, होटल एवं सेवा क्षेत्र तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलने की संभावनाएं हैं।

वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को विशेष रूप से लंबी दूरी की रात्रिकालीन यात्रा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। आधुनिक तकनीक, उन्नत सुरक्षा प्रणालियों, आरामदायक शयन व्यवस्था, बेहतर स्वच्छता और यात्री सुविधाओं से सुसज्जित यह ट्रेन लंबी दूरी के सफर को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में भारतीय रेलवे का महत्वपूर्ण प्रयास है। इसकी आधुनिक संरचना और यात्री-केंद्रित सुविधाएं यात्रियों को बेहतर रेल यात्रा अनुभव प्रदान करेंगी।

वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का प्रयागराज से जुड़ना केवल एक नई ट्रेन सेवा की शुरुआत नहीं, बल्कि संगम नगरी की विकास यात्रा में बेहतर कनेक्टिविटी का नया अध्याय है। इस ट्रेन के संचालन से न केवल सुगम और आरामदायक रात्रिकालीन यात्रा का मार्ग प्रशस्त हुआ है, बल्कि स्थानीय स्तर पर व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार के नए द्वार भी खुल गए हैं। समारोह में उपस्थित हर वर्ग के व्यक्ति में इस बात का संतोष और हर्ष था कि देश की यह सौगात उनके क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

इस अवसर पर मुख्यालय एवं मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारियों सहित, जनप्रतिनिधि, रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समितियों के सदस्य, प्रेस एवं मीडिया के प्रतिनिधि तथा आम जन उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User