आलापुर तहसील में 'दीपक तले अंधेरा': जाम पड़े शौचालय और दुर्गंध से बेहाल फरियादी

आलापुर तहसील परिसर में शौचालयों की बदहाली से फरियादी परेशान; जाम पड़े शौचालय और दुर्गंध ने खोली सफाई व्यवस्था की पोल।

Mar 12, 2026 - 22:24
0 5
आलापुर तहसील में 'दीपक तले अंधेरा': जाम पड़े शौचालय और दुर्गंध से बेहाल फरियादी

अम्बेडकरनगर। जनपद की आलापुर तहसील, जहाँ से पूरे क्षेत्र की व्यवस्थाओं का संचालन होता है, स्वयं बुनियादी सुविधाओं के अभाव में सिसक रही है। तहसील परिसर में स्थित पुरुष शौचालय देखरेख के अभाव में 'शो-पीस' बनकर रह गए हैं। गंदगी और भीषण दुर्गंध के कारण यहाँ आने वाले फरियादियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों का बैठना दूभर हो गया है।

नामांतरण, राजस्व विवाद और प्रमाण पत्रों के काम से प्रतिदिन सैकड़ों लोग दूर-दराज के गांवों से आलापुर तहसील पहुँचते हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही के बावजूद यहाँ स्वच्छता अभियान की धज्जियाँ उड़ रही हैं। परिसर के शौचालय लंबे समय से जाम हैं और पानी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण स्थिति और भी भयावह हो गई है।

स्थानीय लोगों और अधिवक्ताओं में इस अव्यवस्था को लेकर भारी रोष है। लोगों का कहना है कि जिस परिसर में उपजिलाधिकारी (SDM), तहसीलदार और क्षेत्राधिकारी (CO) जैसे जिम्मेदार अधिकारी बैठते हैं, वहां ऐसी बदहाली प्रशासनिक अनदेखी का जीता-जागता प्रमाण है। शौचालय उपयोग के लायक न होने के कारण बुजुर्गों और दूर से आए ग्रामीणों को भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है।

तहसील आने वाले फरियादियों ने मांग की है कि परिसर की सफाई व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए और जाम पड़े शौचालयों की मरम्मत कराई जाए ताकि 'स्वच्छ भारत मिशन' का नारा केवल कागजों तक सीमित न रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User