अम्बेडकरनगर में एलपीजी की होम डिलीवरी अनिवार्य: अब घर बैठे मिलेगा सिलेंडर
अम्बेडकरनगर में एलपीजी की होम डिलीवरी व्यवस्था लागू; जिलाधिकारी ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर और ई-केवाईसी के लिए सीएससी निर्देश।
अम्बेडकरनगर। जनपद में रसोई गैस की किल्लत की खबरों के बीच जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने घोषणा की कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अब पूरे जनपद में 'होम डिलीवरी सिस्टम' को अनिवार्य रूप से लागू कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की 44 गैस एजेंसियों पर वर्तमान में 13,000 से अधिक सिलेंडर उपलब्ध हैं। जमाखोरी और ओवररेटिंग रोकने के लिए मजिस्ट्रेट, पुलिस और राजस्व कर्मियों की टीमें तैनात की गई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वितरकों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे सुबह 9 से 11 बजे के पीक समय के अलावा अन्य समय में बुकिंग करें ताकि सर्वर पर दबाव न रहे। उन्होंने जोर दिया कि सिलेंडर प्राप्त करते समय हॉकर को ओटीपी (OTP) देना अनिवार्य है, इसलिए उपभोक्ता अपना पंजीकृत मोबाइल नंबर तैयार रखें। अब किसी भी उपभोक्ता को सिलेंडर के लिए गैस एजेंसी की लाइन में लगने की आवश्यकता नहीं होगी।
गैस संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने 24 घंटे का कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इसके साथ ही, अब उपभोक्ता अपने नजदीकी सामान्य सेवा केंद्र (CSC) पर जाकर भी अपने गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी (e-KYC) सुगमता से करा सकते हैं। सभी सीएससी संचालकों को गैस उपलब्धता का डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0