यूपी स्टेट चेस: प्रयागराज के याकूब हुसैन बने अंडर-15 चैंपियन, नेशनल के लिए यूपी टीम का चयन

May 12, 2026 - 22:26
0 2
यूपी स्टेट चेस: प्रयागराज के याकूब हुसैन बने अंडर-15 चैंपियन, नेशनल के लिए यूपी टीम का चयन

(शैलेन्द्र यादव)

सीतापुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर में पिछले 20 दिनों से चल रहे भव्य “यू.पी. चेस फेस्टिवल” का मंगलवार को अंडर-15 ओपन वर्ग के फाइनल के साथ शानदार समापन हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के अंतिम दौर में प्रयागराज के याकूब हुसैन ने अपनी बादशाहत कायम रखते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

कुल 9 चक्रों (Rounds) तक चली इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में याकूब हुसैन ने कुल 7.5 अंक अर्जित किए। अंतिम और निर्णायक दौर में उन्होंने महाराजगंज के अयांश सिंह के साथ बाजी ड्रॉ खेली, जो उन्हें शीर्ष पर बनाए रखने के लिए पर्याप्त थी।

वहीं, वाराणसी के शिवाय सिंह ने भी शानदार खेल दिखाते हुए 7 अंक हासिल किए और बेहतर टाई-ब्रेक स्कोर के आधार पर उपविजेता (रनर-अप) का स्थान प्राप्त किया। गौतम बुद्ध नगर के अयान त्रिखा तीसरे और बिजनौर के स्पर्श कुमार चौथे स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार, शीर्ष चार में स्थान बनाने वाले खिलाड़ी— याकूब हुसैन, शिवाय सिंह, अयान त्रिखा और स्पर्श कुमार का चयन राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में किया गया है। खिताबी जीत के बाद याकूब हुसैन ने आत्मविश्वास के साथ कहा, "अब मेरा एकमात्र लक्ष्य नेशनल में उत्तर प्रदेश के लिए मेडल जीतना है।"

प्रतियोगिता के समापन समारोह में खेल को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संचालित करने वाले निर्णायक मंडल (आर्बिटर्स) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। चीफ आर्बिटर आनन्द सिंह और डिप्टी चीफ आर्बिटर आदित्य द्विवेदी के साथ आर्बिटर रूपा शुक्ला, शिवांशी, ओमकार, प्रिया, शिव शंकर और शहाब को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

यूपी चेस एसोसिएशन के महासचिव ए. के. रायजादा ने आर्बिटर्स की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी खेल के सफल आयोजन में रेफरी और आर्बिटर्स की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है, उनके बिना इतने बड़े स्तर का आयोजन संभव नहीं था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User