samsung : देश के 30 होनहारों को 1-1 लाख रुपये का पुरस्कार, यूपी के शिवम को मिली सरकारी संस्थान में इंटर्नशिप
सैमसंग इनोवेशन कैंपस ने 30 टॉपर्स को 1 लाख का पुरस्कार दिया। यूपी के शिवम को नाइलिट में मिली इंटर्नशिप
लखनऊ : भारत में तकनीकी क्रांति को नया आयाम देते हुए सैमसंग इंडिया ने अपने फ्लैगशिप सीएसआर कार्यक्रम 'सैमसंग इनोवेशन कैंपस' के 2025 बैच के 30 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), बिग डेटा, कोडिंग और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) जैसे भविष्य के तकनीकी पाठ्यक्रमों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले इन टॉपर्स को 1-1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
इस प्रतियोगिता में देश भर के 20,000 छात्रों ने हिस्सा लिया था, जिसमें से 10 राज्यों के 4 नेशनल टॉपर, 26 राज्य-स्तरीय टॉपर और एक सोशल मीडिया चैंपियन को चुना गया। विजेताओं को गुरुग्राम स्थित सैमसंग मुख्यालय में सैमसंग साउथ वेस्ट एशिया के प्रेसिडेंट और सीईओ जेबी पार्क ने सम्मानित किया। उन्होंने छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि एआई और कोडिंग आज के दौर के सबसे जरूरी स्किल्स हैं और यही छात्र भविष्य के लीडर्स व आंत्रप्रेन्योर्स बनेंगे।
छोटे शहरों से निकल रहे हैं टेक जीनियस
यह आयोजन इस बात का प्रमाण है कि तकनीक और इनोवेशन अब सिर्फ बड़े महानगरों तक सीमित नहीं है। विजेताओं में शामिल उत्तर प्रदेश के शिवम सिंह ने कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा और होम ऑटोमेशन तकनीकों में महारत हासिल की। उनके इसी हुनर के चलते उन्हें भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत आने वाले प्रतिष्ठित संस्थान 'नाइलिट' (NIELIT) में इंटर्नशिप का मौका मिला।
वहीं, कर्नाटक की ऐश्वर्या संजय ने अपनी कृषि शिक्षा को तकनीक से जोड़ते हुए एक अनूठा एआई मॉडल विकसित किया है, जो किसानों को सीधे बाजार से जोड़ने में मदद करेगा। सरकार के 'स्किल इंडिया' और 'डिजिटल इंडिया' विजन को मजबूत करता यह कार्यक्रम युवाओं को 'आत्मनिर्भर भारत' के निर्माण के लिए तैयार कर रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)