हिमाचल कांग्रेस में बड़ा धमाका: उपाध्यक्ष नीरज भारती का इस्तीफा, सीएम सुक्खू की कार्यशैली पर खड़े किए गंभीर सवाल

नीरज भारती ने हिमाचल कांग्रेस उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर सीएम सुक्खू पर उठाए गंभीर सवाल। चुनाव में करारी हार का दावा।

Jun 05, 2026 - 11:36
0 1
हिमाचल कांग्रेस में बड़ा धमाका: उपाध्यक्ष नीरज भारती का इस्तीफा, सीएम सुक्खू की कार्यशैली पर खड़े किए गंभीर सवाल

शिमला: हिमाचल प्रदेश की सियासत से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी को एक बहुत बड़ा झटका लगा है। वरिष्ठ नेता नीरज भारती ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। इस बात की आधिकारिक जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर साझा की। भारती के अनुसार, उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार और जिला अध्यक्ष अनुराग ठाकुर को भेज दिया है।

इस्तीफा देने के महज दो घंटे के भीतर नीरज भारती ने सोशल मीडिया पर एक के बाद एक कई पोस्ट किए। इन पोस्ट्स के जरिए उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और सरकार के कामकाज पर तीखे तीरों की बौछार कर दी। भारती ने न केवल मुख्यमंत्री बल्कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

भारती ने बेहद तल्ख लहजे में लिखा, "मुझे पार्टी का उपाध्यक्ष बनाकर संगठन ने मुझ पर कोई अहसान नहीं किया था।" उन्होंने दर्द बयां करते हुए कहा कि जब बंद कमरों में पार्टी के भीतर कार्यकर्ताओं की सुनवाई बंद हो जाए, तो सोशल मीडिया पर आना मजबूरी बन जाता है।

दिलचस्प बात यह है कि अपनी पोस्ट में उन्होंने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की जमकर पैरवी की। इसके साथ ही भारती ने एक बड़ी राजनीतिक भविष्यवाणी भी कर डाली। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में कांग्रेस पार्टी को सिर्फ चार सीटें मिलेंगी। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि जिसे शक हो, वह मेरी इस पोस्ट को सेव करके रख ले।

अपने त्यागपत्र में भारती ने लिखा कि एक समर्पित सिपाही के रूप में उन्होंने हमेशा बीजेपी के खिलाफ संघर्ष किया और खून-पसीना बहाकर कांग्रेस को सत्ता में वापस लाए, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में काम करना अब संभव नहीं रह गया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल नहीं होंगे। 

(जितेन्द्र वर्मा)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User