नोएडा के आईवी काउंटी सोसाइटी में भीषण आग, बाल-बाल बचे लोग
नोएडा के सेक्टर 75 स्थित आईवी काउंटी सोसाइटी की 12वीं मंजिल पर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया।
नोएडा: दिल्ली-एनसीआर में लगातार बढ़ती तपिश के बीच आग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार सुबह नोएडा के सेक्टर 75 स्थित एक पॉश रिहायशी सोसाइटी 'आईवी काउंटी' (Ivy County) से एक बेहद डरावनी घटना सामने आई। यहां 28 मंजिला इमारत के ए-टावर की 12वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 1203 और 1204 में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार आसमान में फैल गया, जिसे देखकर पूरी सोसाइटी में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की 6 गाड़ियां हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं। जिस समय आग लगी, एक फ्लैट के अंदर पति-पत्नी और उनके बच्चे फंस गए थे। दमकलकर्मियों ने बिना समय गंवाए ब्रीथिंग एपरेटस (सांस लेने वाले उपकरण) की मदद से सूझबूझ दिखाते हुए फंसे हुए परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। एहतियात के तौर पर पूरी गगनचुंबी इमारत को खाली करा लिया गया और बगल के फ्लैटों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे कंट्रोल रूम को इस आग की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि फ्लैट के अंदर मंदिर में जल रहे दीये या फिर एसी/कूलर में हुए शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस घटना का संज्ञान लिया। उन्होंने लखनऊ से निर्देश जारी कर अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने, राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को उचित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने के आदेश दिए। फिलहाल दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है और कूलिंग का काम पूरा किया जा चुका है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)