प्रयागराज: विधायक दीपक पटेल की जनसुनवाई बनी चर्चा का विषय, फरियादियों की बढ़ती भीड़ के बीच समाधान की प्राथमिकता

फूलपुर विधायक दीपक पटेल की प्रयागराज आवास पर जनसुनवाई में भारी भीड़। अधिकारियों को त्वरित समाधान के सख्त निर्देश दिए।

Mar 28, 2026 - 20:47
 0  4
प्रयागराज: विधायक दीपक पटेल की जनसुनवाई बनी चर्चा का विषय, फरियादियों की बढ़ती भीड़ के बीच समाधान की प्राथमिकता

प्रयागराज (आनंदी मेल ब्यूरो): फूलपुर विधानसभा के नवनिर्वाचित भाजपा विधायक दीपक पटेल इन दिनों अपनी सक्रियता और जनता के प्रति संवेदनशीलता को लेकर सुर्खियों में हैं। शनिवार को उनके प्रयागराज स्थित आवास पर लगातार पांचवें दिन आयोजित जनसुनवाई में फरियादियों का भारी हुजूम उमड़ा। आलम यह था कि सुबह से ही जिले के विभिन्न कोनों से लोग अपनी समस्याओं की पोटली लेकर विधायक की चौखट पर पहुँचने लगे।

हाल ही में हुए फूलपुर उपचुनाव में सपा के कद्दावर नेता मुजतबा सिद्दीकी को बड़े अंतर से शिकस्त देने वाले दीपक पटेल ने विधायक बनने के बाद से ही जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित किया है। मीडिया प्रभारी उमेश तिवारी के अनुसार, जनसुनवाई में न केवल फूलपुर बल्कि पूरे प्रयागराज जनपद से लोग सिंचाई, राजस्व, पुलिस और विकास कार्यों से संबंधित शिकायतें लेकर पहुँच रहे हैं।

जनसुनवाई के दौरान विधायक दीपक पटेल ने एक-एक फरियादी की बात को धैर्यपूर्वक सुना और संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों को फोन कर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा, "एक जनप्रतिनिधि के लिए जनता की सेवा और उनकी समस्याओं का समाधान करना ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है। मेरे द्वार हर नागरिक के लिए हमेशा खुले हैं।"

विधायक की इस कार्यशैली की जनता के बीच जमकर सराहना हो रही है। शनिवार के इस 'जनता दर्शन' के मौके पर मुख्य रूप से नामित पार्षद अरुण कुमार मिश्रा (पिंटू नेता), भूपेंद्र पांडेय, अभिषेक सिंह, सतीश पटेल सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

दीपक पटेल की यह निरंतर जनसुनवाई न केवल उनके निर्वाचन क्षेत्र में उनकी पकड़ मजबूत कर रही है, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को भी कम करने का एक प्रभावी माध्यम साबित हो रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0