प्रयागराज में गरजे केशव मौर्य: बोले- '2027 में सभी 12 सीटों पर खिलेगा कमल, सपा की गुंडागर्दी और माफियागिरी का होगा अंत'

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में 2027 चुनाव का शंखनाद किया और विपक्ष के अफवाह तंत्र पर प्रहार किया।

Mar 15, 2026 - 20:19
0 7
प्रयागराज में गरजे केशव मौर्य: बोले- '2027 में सभी 12 सीटों पर खिलेगा कमल, सपा की गुंडागर्दी और माफियागिरी का होगा अंत'

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को प्रयागराज के परेड ग्राउंड में आयोजित विशाल 'कार्यकर्ता मिलन समारोह' में मिशन 2027 का बिगुल फूंक दिया। दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम के उद्घोष के साथ कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा। जनसभा को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रयागराज की सभी 12 सीटों पर कमल खिलाकर सपा का सूपड़ा साफ करना है।

केशव प्रसाद मौर्य ने तीखे शब्दों में कहा, "सपा की राजनीति गंदगी, गुंडागर्दी, अपराध और माफियागिरी पर टिकी है। हमें 2027 में इस नकारात्मक राजनीति का अंत करना है।" उन्होंने प्रयागराज और कौशाम्बी जैसी सीटों पर पिछले लोकसभा चुनाव में मिली हार का जिक्र करते हुए विपक्ष पर 'अफवाह फैलाने' का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि गैस की किल्लत जैसी झूठी खबरें फैलाने वालों, चाहे वे अधिकारी ही क्यों न हों, उन पर कड़ी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

ईरान-इजरायल संकट के बीच भारत की मजबूत स्थिति का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, "जहाँ से दूसरे देशों के जहाज नहीं निकल पा रहे, वहाँ से हमारे जहाज सुरक्षित गैस लेकर आ रहे हैं। यह सब 'मोदी है तो मुमकिन है' की नीति से सफल हो रहा है।"

डिप्टी सीएम ने परेड ग्राउंड में चल रहे 10 दिवसीय 'सरस मेला' का भी जिक्र किया और लोगों से अपील की कि वे स्थानीय कारीगरों के स्टॉल से खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन करें। इस अवसर पर काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल, सांसद प्रवीण पटेल, डॉ. विनोद कुमार बिंद, रीता बहुगुणा जोशी, महापौर गणेश केसरवानी और विधायक दीपक पटेल सहित भाजपा के तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमर नाथ यादव ने किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User