मानिकपुर में आस्था का सैलाब: पंचमुखी हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा पर निकली भव्य शोभायात्रा, पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत
मानिकपुर में पंचमुखी हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा पर निकली भव्य शोभायात्रा। जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा पूरा नगर
(आदर्श भारतीय)
मानिकपुर, प्रतापगढ़। नगर पंचायत मानिकपुर कार्यालय परिसर में आयोजित पंचमुखी हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा एवं तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम के दूसरे दिन शनिवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा नगर जय श्रीराम तथा हनुमान जी के जयकारों से गूंज उठा।
शोभायात्रा नगर पंचायत कार्यालय परिसर से प्रारंभ हुई, जो इंटर कॉलेज मुंडीपुर, काली मई मंदिर, राम जानकी घाट होते हुए मां ज्वाला देवी धाम पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। धार्मिक ध्वज, डीजे और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निकली शोभायात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय माहौल में रंग दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात रहा और पुलिस कर्मी पूरे मार्ग पर लगातार निगरानी करते रहे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रलता जायसवाल, चेयरमैन प्रतिनिधि डिंपू जायसवाल, अध्यक्ष पति अशोक जायसवाल, अधिशासी अधिकारी अजय कुमार, बॉबी गुप्ता, राजेश मोदनवाल, शैलेश शर्मा, पंकज जयसवाल, पुनीत शर्मा, राकेश बाबू, राकेश जायसवाल, सुधीर सोनकर, रमाशंकर गुप्ता, रमेश कुमार, अशर्फीलाल,सहित नगर पंचायत के कर्मचारी, सभासद एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।आयोजकों ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के तहत पूजन, हवन, धार्मिक अनुष्ठान एवं भंडारे का आयोजन लगातार जारी है।
श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर पंचमुखी हनुमान जी के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से आगामी कार्यक्रमों में भी अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0