कुंडा समाधान दिवस: फरियादियों की शिकायतों का सैलाब, एसडीएम की दो टूक- 'कागजों पर नहीं, धरातल पर दें न्याय'

कुंडा तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान 177 शिकायतें दर्ज, एसडीएम ने 8 मामलों का मौके पर किया निस्तारण।

May 02, 2026 - 20:49
0 78
कुंडा समाधान दिवस: फरियादियों की शिकायतों का सैलाब, एसडीएम की दो टूक- 'कागजों पर नहीं, धरातल पर दें न्याय'

(आदर्श भारतीय)

कुंडा : तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी। तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से पहुंचे लोगों ने जमीन विवाद, पुलिस कार्रवाई, जलनिकासी, सड़क, राशन, आवास और विकास कार्यों से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। अधिकारियों ने एक-एक कर शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।

संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे एसडीएम वाचस्पति सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा पीड़ितों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी अमरनाथ गुप्ता, तहसीलदार अलख शुक्ला, नायब तहसीलदार सालिक राम अग्रहरि, बीडीओ प्रवीण श्रीवास्तव सहित राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, पूर्ति और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों में संबंधित कर्मचारियों से मौके पर जानकारी भी ली। समाधान दिवस में कुल 177 शिकायत पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से आठ मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद, अवैध कब्जा, मारपीट, जलभराव, सड़क की खराब स्थिति, राशन वितरण और सरकारी योजनाओं के लाभ न मिलने से संबंधित रहीं। कई फरियादियों ने गांवों में सफाई व्यवस्था और जलनिकासी की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया।

एसडीएम वाचस्पति सिंह ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर न किया जाए, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच कर पीड़ितों को राहत पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बेहद जरूरी है।

समाधान दिवस के दौरान तहसील परिसर में दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही। फरियादियों को उम्मीद रही कि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द होगा और संबंधित विभाग प्रभावी कार्रवाई करेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User