मानिकपुर में बाबा साहब की 135वीं जयंती पर उमड़ा जनसैलाब: 26 झांकियों के साथ निकली भव्य अंबेडकर शोभायात्रा
मानिकपुर में 26 झांकियों के साथ भव्य अंबेडकर शोभायात्रा का आयोजन; एसडीएम ने हरी झंडी दिखाकर मेले का किया शुभारंभ
(एडवोकेट अजय पंडा / ब्यूरो)
कुंडा (प्रतापगढ़): धार्मिक नगरी मानिकपुर में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जन्म जयंती के अवसर पर दो दिवसीय प्रादेशिक अंबेडकर मेले का भव्य आगाज हुआ। सिद्ध पीठ मां ज्वालामुखी देवी धाम से शुरू हुई इस शोभायात्रा में 26 आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत संत रविदास धर्मशाला में पूजन-अर्चन के साथ हुई। उपजिलाधिकारी (SDM) वाचस्पति सिंह और मेला कमेटी के संरक्षक डॉ. विजय यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। इससे पूर्व एनसीसी की छात्राओं ने मुख्य अतिथि को सलामी दी और कमेटी के पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।
शोभायात्रा के दौरान पूरा मार्ग जय भीम के नारों से गूंज उठा। मानिकपुर चेयरमैन प्रतिनिधि आशुतोष जायसवाल 'डिंपू भैया' ने श्रद्धालुओं को नीला गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच शोभायात्रा मिलिट्री ग्राउंड पहुंची, जहाँ देर शाम रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
- हीरागंज: विधायक विनोद सरोज ने बाबा साहब की प्रतिमा का अनावरण किया और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प दिलाया।
- कुंडा नगर: समाज सुधार समिति द्वारा भव्य संगोष्ठी और माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित हुआ।
- ग्रामीण क्षेत्र: धनगढ़ औसानगंज में ग्राम प्रधान अजय यादव और रघुबर गांव में विशाल रैली निकालकर बाबा साहब के विचारों का प्रचार-प्रसार किया गया।
इस आयोजन में कमेटी अध्यक्ष सुधीर सोनकर, प्रबंधक अब्दुल हाशिम और रवि सोनकर का विशेष योगदान रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0