कौशाम्बी: गरीब की झोपड़ी पर चला बुलडोजर, भूमाफियाओं पर मेहरबानी? प्रशासन की दोहरी नीति पर भड़के ग्रामीण
कौशाम्बी में बिना नोटिस गरीब की झोपड़ी पर बुलडोजर कार्रवाई से विवाद। भूमाफियाओं पर चुप्पी और लेखपाल के आरोपों पर उठे सवाल।
(आदर्श भारतीय)
कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र अंतर्गत जमलामऊ गांव में सरकारी जमीन को लेकर विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरोप है कि गांव में लंबे समय से सरकारी जमीन पर बड़े स्तर पर कब्जा करने वाले भूमाफियाओं के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जबकि एक गरीब व्यक्ति की झोपड़ी पर बुलडोजर चलाकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है।
बताया जा रहा है कि एक गरीब व्यक्ति अपने परिवार के साथ झोपड़ी बनाकर किसी तरह जीवनयापन कर रहा था। इसी दौरान लेखपाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कथित रूप से बिना पूर्व नोटिस दिए बुलडोजर लगवाकर झोपड़ी को गिरा देने की धमकी दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर करीब 10 पुलिसकर्मी मौजूद थे।
घटना के बाद विवाद और गहरा गया है। लेखपाल की ओर से आरोप लगाया गया है कि पीड़ित ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। वहीं पीड़ित इन आरोपों को निराधार बताते हुए कह रहा है कि उस बीच मौके पर पुलिस प्रशासन मुस्तैद थी।लेखपाल के साथ ऐसा कोई बर्ताव नहीं हुआ है।
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि सरकारी जमीन खाली करानी है तो सभी कब्जाधारियों पर समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए, न कि केवल गरीबों को निशाना बनाया जाए। ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल इस पूरे मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना यह होगा कि उच्च अधिकारी इस प्रकरण को संज्ञान में लेकर निष्पक्ष जांच कराते हैं या नहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0