कौशाम्बी में रामनवमी की धूम: विहिप ने भरी हुंकार— 'संगठित हिंदू समाज ही बनाएगा भारत को हिंदू राष्ट्र'
कौशाम्बी में विहिप और बजरंग दल ने निकाली भव्य रामनवमी शोभायात्रा; हिंदू समाज की एकता और हिंदू राष्ट्र पर दिया जोर
कौशाम्बी। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर शनिवार को जनपद कौशाम्बी भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के तत्वावधान में जिले के विभिन्न हिस्सों से भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं। इस दौरान जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। वक्ताओं ने हिंदू समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प दोहराया।
शोभायात्रा का नेतृत्व विहिप के प्रांत धर्म यात्रा प्रमुख अजय पांडेय और जिला अध्यक्ष नीलमणि त्रिपाठी ने किया। यह यात्रा करारी, ओसा, समदा और मूरतगंज जैसे प्रमुख केंद्रों से शुरू होकर मंझनपुर स्थित डायट मैदान में एकत्रित हुई। इसके बाद भगवान राम की मनमोहक झांकी के साथ विशाल शोभायात्रा ने पूरे मंझनपुर नगर का भ्रमण किया। मूरतगंज में जिला सह मंत्री विवेक जायसवाल की अगुवाई में कार्यकर्ताओं का बड़ा समूह शामिल हुआ।
नगर भ्रमण के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष नीलमणि त्रिपाठी ने कहा कि देश की अखंडता और मजबूती के लिए हिंदू समाज का संगठित होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा, "अयोध्या में भव्य राम मंदिर का सपना साकार हो चुका है, अब काशी और मथुरा में भी भव्य मंदिर निर्माण का समय निकट है।" उन्होंने आह्वान किया कि हिंदू राष्ट्र का दर्जा तभी संभव है जब समाज के सभी वर्ग भेदभाव भुलाकर एक सूत्र में बंधें।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ विशेष वर्ग के लोग हिंदू समाज में फूट डालने और भेदभाव पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। इनसे सतर्क रहने की अपील करते हुए कार्यकर्ताओं ने भगवान राम के आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया। शोभायात्रा में मातृशक्ति की भी भारी भागीदारी रही, जिसमें जिला मातृशक्ति प्रमुख राधा और सह प्रमुख सुषमा व प्रीति ने महिलाओं का नेतृत्व किया।
इस भव्य आयोजन में जिला मंत्री राजेंद्र पाल, जिला उपाध्यक्ष राम अभिलाष, उमेश केसरवानी, कोषाध्यक्ष नरेंद्र साहू, और जिला मीडिया प्रभारी शैलेंद्र द्विवेदी सहित हजारों की संख्या में रामभक्त और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन भी पूरी यात्रा के दौरान मुस्तैद नजर आया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0