सपा और बसपा को राजभर का बड़ा झटका, 51 नेताओं ने एक साथ थामी सुभासपा की लाठी

यूपी में सपा-बसपा को लगा तगड़ा झटका; 51 दिग्गज नेताओं ने ओमप्रकाश राजभर की सुभासपा का दामन थामा

May 19, 2026 - 14:01
Updated: 2 hours ago
0 5
सपा और बसपा को राजभर का बड़ा झटका, 51 नेताओं ने एक साथ थामी सुभासपा की लाठी

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजनीति में इस वक्त एक बहुत बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को एक साथ तगड़ा झटका लगा है। दोनों ही पार्टियों के 51 प्रमुख नेताओं ने एक साथ पाला बदलते हुए ओमप्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इस बड़े फेरबदल के बाद सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।

राजभर का अखिलेश पर तंज: "अब इस जन्म में नहीं बनेगी सरकार"
नेताओं को पार्टी में शामिल कराने के बाद मीडिया से बात करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के 'पीडीए' (PDA) नारे पर तंज कसा। राजभर ने कहा, "अखिलेश यादव चाहे जितना भी पीडीए का राग अलाप लें, अब इस जन्म में तो उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार नहीं बनने वाली है।" उन्होंने आगे कहा कि सपा का हाल अब ऐसा हो चुका है कि 'न खाता न बही, जो अखिलेश कहें वही सही'। इसके साथ ही राजभर ने मुस्लिम समुदाय को लेकर दिए गए जनसत्ता दल के प्रमुख राजा भैया के उस बयान का भी समर्थन किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि आज दिख रहे मुस्लिम पूर्व में हिंदू ही थे।

इन दिग्गज नेताओं ने छोड़ी पार्टी
सुभासपा में शामिल होने वाले नेताओं की सूची काफी लंबी है। बसपा का साथ छोड़कर आने वालों में प्रमुख रूप से प्रदीप सिंह (कबूतरा), अर्जुन प्रताप सिंह, संजीव सिंह बंटू, बब्बन सिंह, दीपक सिंह, फरीद अहमद और रवीन्द्र राजभर सहित 36 नेता शामिल हैं।

वहीं, दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी को झटका देते हुए अतुल सिंह, रोशन सिंह, अभिषेक सिंह, सुबोध कनौजिया, विशाल पाण्डेय, पियुष सिंह, अर्पित सिंह और संतोष यादव सहित 15 नेताओं ने सुभासपा का दामन थाम लिया है। इतनी बड़ी संख्या में नेताओं के टूटने से पूर्वांचल और अवध की राजनीति में सुभासपा को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है। (etv)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User