ट्रिनिटी पब्लिक स्कूल में प्रतिभा का सम्मान: मेधावियों को मिले पुरस्कार, अब एआई और ताइक्वांडो की शिक्षा से निखरेंगे छात्र
लखनऊ के ट्रिनिटी पब्लिक स्कूल में वार्षिक पुरस्कार वितरण; मेधावियों को मिले सम्मान और भविष्य में AI की सौगात।
लखनऊ: भरत नगर स्थित ट्रिनिटी पब्लिक स्कूल में मंगलवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस गौरवमयी कार्यक्रम में नर्सरी से लेकर कक्षा 9 तक के उन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत से परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
समारोह के दौरान मेधावियों के अंकों ने सबको अचंभित कर दिया। केजी सेकेंड की दिव्यांशी राज, जान्हवी गौर और जान्हवी मिश्रा ने 99.5% अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वहीं, नर्सरी में यशिका, वैष्णवी, ऋतिक और अद्विका ने 98.8% के साथ बाजी मारी। प्राथमिक कक्षाओं में राधा पांडे, इशिता और कृतिका ने अपने-अपने वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
कक्षा 6 से 9 तक के परिणामों में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। कक्षा 9 में माही ने 92.83% अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि आयुषी मौर्या दूसरे स्थान पर रहीं। कक्षा 7 में अरघा सिंह (96.86%) और कक्षा 4 में इनाया हसन (97.5%) ने शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रश्मि सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि आगामी सत्र से विद्यालय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ताइक्वांडो की कक्षाएं अनिवार्य रूप से शुरू की जाएंगी, ताकि छात्र आधुनिक तकनीक और आत्मरक्षा के गुणों में निपुण हो सकें।
इस अवसर पर अध्यापिका प्रिया सिंह, श्रुति सिंह और विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। बड़ी संख्या में आए अभिभावकों ने अपने बच्चों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया और विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण की सराहना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0