सिद्धार्थनगर में पानी की टंकी पर 16 घंटे की जंग, वायुसेना ने हेलीकॉप्टर से बचाई दो की जान
सिद्धार्थनगर में रील बनाने टंकी पर चढ़े 5 बच्चे फंसे, वायुसेना ने हेलीकॉप्टर से 2 को बचाया, 1 की दर्दनाक मौत
सिद्धार्थनगर : सोशल मीडिया पर चंद सेकंड की 'रील' बनाने का जुनून उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में एक दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गया। शनिवार को गांव की एक जर्जर पानी की टंकी पर चढ़े पांच दोस्तों के लिए यह एडवेंचर मौत का खेल बन गया। इस हादसे में एक किशोर की जान चली गई, जबकि दो अन्य को भारतीय वायुसेना (IAF) ने 16 घंटे चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद सुरक्षित रेस्क्यू किया।
कैसे शुरू हुआ मौत का खेल?
जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर पांच दोस्त—सिद्धार्थ, शनि, गोलू, पवन और कल्लू—रील बनाने के इरादे से गांव की पानी की टंकी पर चढ़ रहे थे। जैसे ही ये बच्चे ऊपर की ओर बढ़े, टंकी की पुरानी और जर्जर हो चुकी लोहे की सीढ़ियां अचानक भरभरा कर टूट गईं।
इस दौरान सिद्धार्थ, शनि और गोलू असंतुलित होकर नीचे गिर पड़े। नीचे गिरने के कारण सिद्धार्थ को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शनि और गोलू को घायल अवस्था में तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहाँ उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
16 घंटे का खौफ और फेल होता रेस्क्यू
सीढ़ियां टूटने की वजह से पवन और कल्लू टंकी के सबसे ऊपरी हिस्से पर ही फंस गए। नीचे उतरने का कोई रास्ता नहीं बचा था। स्थानीय प्रशासन और गोरखपुर से पहुंची NDRF की टीम ने रात भर मोर्चा संभाला, लेकिन इलाके में पक्की सड़क न होने और कीचड़ की वजह से रेस्क्यू लिफ्ट टंकी तक नहीं पहुंच सकी। भारी बारिश और अंधेरे ने चुनौतियों को और बढ़ा दिया।
जब देवदूत बनकर आया Mi-17 V5
हालात की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने भारतीय वायुसेना से मदद मांगी। रविवार सुबह वायुसेना के Mi-17 V5 हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी। घने बादलों और तकनीकी चुनौतियों के बीच वायुसेना के जांबाज जवानों ने टंकी की छत से पवन और कल्लू को एयरलिफ्ट किया। 16 घंटे तक जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे इन बच्चों को सुरक्षित देख परिजनों की आंखों में आंसू छलक आए।
प्रशासन की अपील
डीएम शिवशरणप्पा जी एन ने पुष्टि की है कि सभी बच्चे अब सुरक्षित हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है कि प्रतिबंधित और जर्जर बुनियादी ढांचे तक ये बच्चे कैसे पहुंचे। यह घटना उन युवाओं के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो सोशल मीडिया फेम के लिए अपनी जान जोखिम में डालते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0