राशन की कालाबाजारी पर प्रशासन का बड़ा चाबुक: 46 कट्टे सरकारी चावल से लदी पिकअप जब्त, तीन राशन माफियाओं पर मुकदमा दर्ज

मथुरा के राया में प्रशासन ने कार्रवाई कर 46 कट्टे सरकारी चावल से लदी पिकअप जब्त की। राशन कालाबाजारी के मामले में तीन आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज।

Aug 04, 2026 - 22:44
0 2
राशन की कालाबाजारी पर प्रशासन का बड़ा चाबुक: 46 कट्टे सरकारी चावल से लदी पिकअप जब्त, तीन राशन माफियाओं पर मुकदमा दर्ज

(सुमित गोस्वामी)

मथुरा (राया)। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के राशन की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 46 कट्टे सरकारी चावल से लदी एक बिना नंबर की मैक्स पिकअप को पकड़ लिया। जिसमें 22 कट्टे सरकारी राशन जूट के मिले। मामले में तीन लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत थाना राया में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, चौकी अनौड़ा पुलिस ने ग्राम भरऊ के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध पिकअप को रोका। जांच में वाहन में 46 कट्टे सरकारी चावल लदे मिले, जिन्हें इगलास ले जाया जा रहा था। सूचना मिलने पर डीएम सीपी सिंह ने जिला पूर्ति अधिकारी को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक रविकांत मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पूछताछ में चालक ने बताया कि चावल महेश अग्रवाल निवासी अबेरनी, भुवनेश अग्रवाल निवासी पचावर और वंशी प्रधान के कहने पर इगलास ले जाए जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि राशन डीलरों से कम कीमत पर चावल खरीदकर उनकी कालाबाजारी की जाती थी। जब्त चावल को आवश्यक कार्रवाई के बाद राया के एक राशन डीलर की सुपुर्दगी में दे दिया गया।

डीएम के निर्देश पर महेश अग्रवाल, भुवनेश अग्रवाल और वंशी प्रधान के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बढ़ रही हैं कालाबाजारी की शिकायतें : राया सहित सौंख, पचावर, मांट, बाजना और आसपास के क्षेत्रों में सरकारी राशन की कालाबाजारी की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई को राशन माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अब पुलिस और पूर्ति विभाग पूरे नेटवर्क की जांच कर रहे हैं ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User