अम्बेडकरनगर में महिला व बच्चों की जान बचाने वाली पुलिस टीम को एसपी प्राची सिंह ने किया सम्मानित
अम्बेडकरनगर एसपी प्राची सिंह ने तमसा नदी के पास भटकी मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला व बच्चों की जान बचाने वाली पुलिस टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
अम्बेडकरनगर : जनपद में उत्कृष्ट पुलिस सेवा, मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करने वाले अहिरौली थाने के पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
घटना 31 जुलाई 2026 की है, जब डायल-112 के माध्यम से अहिरौली पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ तमसा नदी के किनारे बेहद संदिग्ध और खतरनाक परिस्थिति में घूम रही है। सूचना मिलते ही पीआरवी (PRV 2w) पर तैनात आरक्षी धीरज सिंह और आरक्षी मानवेंद्र पाल ने बिना एक पल गंवाए 'मिशन शक्ति' टीम के साथ समन्वय स्थापित किया और तुरंत मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला और उसके दोनों मासूम बच्चों को सुरक्षित अपनी देखरेख में लिया। पूछताछ के दौरान पता चला कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने अत्यंत धैर्य और संवेदनशीलता का परिचय दिया। कागजातों और गहन छानबीन के आधार पर महिला की पहचान की गई और थाना इनायतनगर के माध्यम से परिजनों से संपर्क साधा गया।
थाने पर महिला और बच्चों के भोजन व देखभाल की उचित व्यवस्था की गई। परिजनों के पहुंचते ही सभी आवश्यक विधिक प्रक्रियाएं पूरी कर उन्हें सकुशल सौंप दिया गया।
इस सराहनीय कार्य के लिए एसपी प्राची सिंह ने मिशन शक्ति टीम में शामिल उपनिरीक्षक इंद्रेश कुमार, आरक्षी अर्जुन राजभर, आरक्षी पवन चौहान, महिला आरक्षी उज्ज्वला सिंह, महिला आरक्षी अनुष्का पाल तथा पीआरवी आरक्षी धीरज सिंह व मानवेंद्र पाल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि अम्बेडकरनगर पुलिस जनसेवा, सुरक्षा तथा मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)