सेंट पीटर्स कप: आनंद और आदर्श के तूफानी शतकों से सोनामती क्लब की विशाल जीत, लूकरगंज क्लब 145 रन से चित
सेंट पीटर्स कप में सोनामती क्लब ने आनंद और आदर्श के शतकों की मदद से लूकरगंज क्लब को 145 रन से हराया
(आनंदी मेल ब्यूरो)
प्रयागराज : प्रयागराज। स्थानीय खेल मैदान पर खेले जा रहे सेंट पीटर्स कप कलर ड्रेस वनडे क्रिकेट प्रतियोगिता में गुरुवार को सोनामती क्लब के बल्लेबाजों का जलवा रहा। आनंद कुमार यादव और आदर्श सिंह के शानदार शतकों और दिव्यांशु यादव की आतिशी अर्धशतकीय पारी के दम पर सोनामती क्लब ने लूकरगंज क्लब को 145 रनों के भारी अंतर से करारी शिकस्त दी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सोनामती क्लब की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। सलामी बल्लेबाज आनंद कुमार यादव ने मैदान के चारों ओर शॉट्स खेलते हुए महज 100 गेंदों में 134 रनों (14 चौके, 6 छक्के) की विस्फोटक पारी खेली। उनका बखूबी साथ निभाया आदर्श सिंह ने, जिन्होंने 73 गेंदों पर 104 रन (9 चौके, 6 छक्के) ठोक डाले।
मध्यक्रम में दिव्यांशु यादव ने रही-सही कसर पूरी कर दी। दिव्यांशु ने मात्र 49 गेंदों पर 9 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 77 रनों की विध्वंसक पारी खेली। इन पारियों की बदौलत सोनामती क्लब ने निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट खोकर 401 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लूकरगंज की ओर से कार्तिकेय श्रीवास्तव और राजकमल वर्मा ने 2-2 विकेट लिए।
402 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी लूकरगंज क्लब की टीम दबाव में नजर आई। हालांकि, कार्तिकेय श्रीवास्तव (58 रन), रिशप ठाकुर (46 रन) और राघवेंद्र श्रीवास्तव (37 रन) ने संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन सोनामती के गेंदबाजों के आगे उनकी गति धीमी रही।
सोनामती क्लब की सटीक गेंदबाजी के सामने लूकरगंज की टीम 50 ओवर खेलने के बाद 7 विकेट पर 256 रन ही बना सकी। सोनामती की ओर से शिवम केसरवानी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 31 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि प्रेरक पाल को 2 सफलताएं मिलीं।
शानदार शतकीय पारी खेलने वाले आनंद कुमार यादव को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 'मैन ऑफ द मैच' के पुरस्कार से नवाजा गया। इस जीत के साथ ही सोनामती क्लब ने प्रतियोगिता में पूरे अंक अर्जित किए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)