प्रयागराज: पीएम पर अभद्र टिप्पणी को लेकर भड़के भाजपाई, जिलाधिकारी आवास पर जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी
प्रयागराज में सपा सांसद राजकुमार भाटी की पीएम पर टिप्पणी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने डीएम आवास पर प्रदर्शन किया
(आनंदी मेल ब्यूरो)
प्रयागराज : प्रयागराज। समाजवादी पार्टी के सांसद राजकुमार भाटी द्वारा देश के प्रधानमंत्री के विरुद्ध की गई कथित अभद्र टिप्पणी ने प्रयागराज के सियासी पारे को गरमा दिया है। इस बयान से आक्रोशित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गंगापार कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भारी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया और जिलाधिकारी आवास के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित नजर आए। कार्यकर्ताओं ने 'अखिलेश यादव मुर्दाबाद', 'समाजवादी पार्टी मुर्दाबाद' और 'प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान' जैसे गगनभेदी नारे लगाए। भाजपाइयों का कहना था कि प्रधानमंत्री किसी दल के नहीं बल्कि पूरे देश के गौरव हैं और उनके विरुद्ध मर्यादित भाषा का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
धरने को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष गंगापार निर्मला पासवान ने कड़े शब्दों में कहा, "सपा सांसद द्वारा प्रधानमंत्री पर की गई टिप्पणी उनकी ओछी मानसिकता को दर्शाती है। सत्ता से बाहर होने की छटपटाहट में समाजवादी पार्टी के नेता अपनी भाषाई मर्यादा भूल चुके हैं।" उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सपा सांसद ने सार्वजनिक रूप से अपने शब्दों के लिए माफी नहीं मांगी, तो भाजपा कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे और इस आंदोलन को और भी उग्र रूप दिया जाएगा।
इस प्रदर्शन की खास बात यह रही कि इसमें महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से अपनी आपत्ति दर्ज कराई और मांग की कि ऐसे अमर्यादित बयानों पर रोक लगनी चाहिए।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से कविता यादव त्रिपाठी, अर्चना शुक्ला, ऋचा सिंह, शिखा रस्तोगी, जिला महामंत्री मनोज निषाद, मीडिया प्रभारी उमेश तिवारी, पवन जयसवाल, बृजेश त्रिपाठी, तुलसीराम सरोज, राजू पाल, श्याम सुंदर दुबे और बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)