भगवान महावीर की भव्य रथयात्रा में उमड़ा जनसैलाब, आचार्य श्रुत सागर ने दिया विश्व शांति का संदेश
शाहदरा में भगवान महावीर का 2625वां जन्म कल्याणक धूमधाम से मनाया गया। आचार्य श्रुत सागर ने 'जियो और जीने दो' को विश्व शांति का आधार बताया।
पूर्वी दिल्ली (शाहदरा) : अहिंसा के अवतार 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर शाहदरा क्षेत्र भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। मंगलवार, 31 मार्च को जैन मंदिर छोटा बाजार से गाजे-बाजे के साथ विशाल रथयात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने सम्मिलित होकर अपनी अटूट श्रद्धा का प्रदर्शन किया।
रथयात्रा का शुभारंभ हाथी, घोड़े, बैंड-बाजे और स्कूली बच्चों की टोलियों के साथ हुआ। भगवान महावीर के रथ के आगे अहिंसा का संदेश देती मनमोहक झांकियां चल रही थीं। छोटा बाजार से शुरू होकर रथयात्रा सर्कुलर रोड, फर्श बाजार, बड़ा बाजार और शालीमार पार्क होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुँची। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर रथ की आरती उतारी गई।
आयोजित धर्मसभा में आचार्य श्रुत सागर जी महाराज ने अपने ओजस्वी संदेश में वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा:
"आज जब दुनिया अमेरिका, इजरायल और ईरान जैसे संघर्षों के कारण विश्व युद्ध की कगार पर खड़ी है, तब केवल भगवान महावीर का 'जियो और जीने दो' का सिद्धांत ही मानवता को बचा सकता है। सच्ची विजय शस्त्रों से नहीं, बल्कि अपने भीतर के क्रोध और अहंकार को जीतने में है।"
कार्यक्रम क्षुल्लिका पूजा भूषण व भक्ति भूषण माताजी के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विधायक संजय गोयल, पूर्व पार्षद निर्मल जैन, विपिन जैन (भाजपा जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा), समाज के प्रधान रमेश जैन, मंत्री राकेश जैन, कोषाध्यक्ष पंकज जैन सहित जैन युवा मंच और स्याद्बाद युवा क्लब के सैकड़ों पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में भगवान महावीर का भव्य अभिषेक किया गया। 27 मार्च से चल रहे इस पंचदिवसीय महोत्सव का समापन विश्व शांति की कामना के साथ हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0