मानिकपुर: ब्रह्म मुहूर्त में ‘दह’ बिठाकर माताओं ने किया शीतला सप्तमी व्रत का पारण, मां ज्वालामुखी धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

Jul 08, 2026 - 21:58
0 5
मानिकपुर: ब्रह्म मुहूर्त में ‘दह’ बिठाकर माताओं ने किया शीतला सप्तमी व्रत का पारण, मां ज्वालामुखी धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

मानिकपुर, प्रतापगढ़। सिद्धपीठ मां ज्वालामुखी देवी धाम में चल रहे पांच दिवसीय शीतला सप्तमी मेले के तीसरे दिन बुधवार को ब्रह्म मुहूर्त से ही धार्मिक आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। चार माह तक शीतला सप्तमी का व्रत रखने वाली महिलाओं ने मां गंगा में स्नान करने के बाद गंगा तट पर पारंपरिक विधि-विधान से ‘दह’ बिठाकर अपने व्रत का पारण किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सिद्धपीठ मां ज्वालामुखी देवी धाम पहुंचकर माता के दर्शन-पूजन किए और परिवार की सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की।

ब्रह्म मुहूर्त से ही शाहाबाद गंगा घाट, राजघाट और किला घाट पर महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने हलवा-पूड़ी का प्रसाद तैयार कर परंपरा के अनुसार गंगा तट पर ‘दह’ बिठाया। धार्मिक मान्यता है कि इस विधि से शीतला माता का व्रत पूर्ण होता है और परिवार में सुख, शांति तथा समृद्धि बनी रहती है।

तीर्थ पुरोहित प्रेमनाथ दीक्षित ने बताया कि आषाढ़ मास की अष्टमी को ‘दह’ बिठाने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। चार माह तक सप्तमी का व्रत रखने वाली महिलाएं इस दिन विधि-विधान से व्रत का पारण करती हैं। इसके बाद श्रद्धालु सिद्धपीठ मां ज्वालामुखी देवी धाम में माता के दर्शन कर अपने परिवार और समाज के कल्याण की प्रार्थना करते हैं। मेले के चलते गंगा घाटों और मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस और जल पुलिस तैनात रही, जबकि नगर पंचायत की ओर से सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई। धार्मिक उल्लास और भक्ति के माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने नवमी के स्नान के बाद अपने-अपने घरों की ओर प्रस्थान की तैयारी शुरू कर दी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User