लखनऊ में पीएनबी का मेगा वित्तीय समावेशन अभियान: एमडी व सीईओ अशोक चंद्र की मौजूदगी में 600 ग्रामीणों को मिली बैंकिंग व सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की सौगात
पंजाब नेशनल बैंक के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र ने लखनऊ के नारायणपुर गांव में वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत विशेष शिविर लगाया, जिसमें 600 ग्रामीणों को बैंकिंग सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा गया।
(आर.एल.पाण्डेय)
लखनऊ। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधाओं और वित्तीय सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) द्वारा लखनऊ जनपद के नारायणपुर गांव (तहसील नरौना) में एक विशेष जागरूकता एवं संतृप्ति शिविर का आयोजन किया गया। बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एमडी एवं सीईओ) अशोक चंद्र की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए लगभग 600 ग्राहकों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उल्लेखनीय है कि पीएनबी का यह राष्ट्रव्यापी अभियान 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक विभिन्न ग्राम पंचायतों और शहरी निकायों में चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र ने कहा कि पहुंच, जागरूकता और सशक्तिकरण के जरिए प्रत्येक नागरिक को मजबूत वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना इस अभियान का मुख्य ध्येय है। उन्होंने बताया कि इन विशेष शिविरों में ग्रामीणों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) और अटल पेंशन योजना (एपीवाई) के तहत नामांकन की सुविधा दी जा रही है। इसके साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), फसल बीमा (पीएमएफबीवाई) के आवेदन, खातों की री-केवाईसी, निष्क्रिय जनधन खातों को पुनः सक्रिय करने, नॉमिनेशन अपडेट करने और बिना दावा वाली जमा राशियों के निपटान जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं।
श्री चंद्र ने बैंक की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि सुदूर ग्रामीण इलाकों, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों, वरिष्ठ नागरिकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को मुख्यधारा की बैंकिंग से जोड़ना पीएनबी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के समापन पर लखनऊ अंचल के अंचल प्रबंधक पंकज आनंद ने एमडी एवं सीईओ, बैंक मित्रों (बीसी), जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि बैंक का संकल्प है कि क्षेत्र का कोई भी पात्र नागरिक सरकारी वित्तीय सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा के कवच से वंचित न रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)